जीआइसी मैदान में लगेगा दीपावली मेला, रोज होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

शहर के रेहड़ी पटरी दुकानदारों को सामान बेचने के लिए एक स्थान पर प्लेटफार्म मुहैया कराने के लिए इस बार नगर निगम दीपावली मेले का आयोजन करने जा रहा है। यह मेला 28 अक्टूबर को शुरू होगा और चार नवंबर को समाप्त होगा।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 11:33 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 11:33 PM (IST)
जीआइसी मैदान में लगेगा दीपावली  मेला, रोज होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
जीआइसी मैदान में लगेगा दीपावली मेला, रोज होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

मेरठ, जेएनएन। शहर के रेहड़ी पटरी दुकानदारों को सामान बेचने के लिए एक स्थान पर प्लेटफार्म मुहैया कराने के लिए इस बार नगर निगम दीपावली मेले का आयोजन करने जा रहा है। यह मेला 28 अक्टूबर को शुरू होगा और चार नवंबर को समाप्त होगा। मेले का आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं।

शासन के निर्देश पर शनिवार को नगर निगम सभागार में दीपावली मेले की तैयारी को लेकर नगर आयुक्त मनीष बंसल ने अधिकारियों के साथ बैठक की। राजकीय इंटर कालेज के मैदान में दीपावली मेला लगाने का निर्णय लिया गया। मेले का शुभारंभ 28 अक्टूबर को होगा। मेले में प्रतिदिन शाम चार बजे से छह बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। मेले में खानपान, खेल-खिलौने, गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमाओं समेत दीपावली में उपयोग की जाने वाली विभिन्न प्रकार की सामग्री के लगभग 100 स्टाल लगाए जाएंगे। जिसमें 80 फीसद दुकानें निश्शुल्क रहेंगी। जबकि 20 फीसद दुकानों को शुल्क लेकर जगह दी जाएगी। लेकिन पटाखों की दुकाने मेले में नहीं लगाई जाएंगी। नगर आयुक्त ने निर्माण अनुभाग के सहायक अभियंता राजवीर सिंह की अध्यक्षता में दीपावली मेला क्षेत्र का एक मानचित्र तैयार करने का निर्देश दिया है। ताकि मेले को व्यवस्थित बसाया जा सके। मेले में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए मंच, बैठने की व्यवस्था, साउंड सिस्टम, प्रकाश की व्यवस्था के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई हैं। वाहन पार्किंग का ठेका करने का निर्देश दिया गया है। जलापूर्ति व मोबाइल टायलेट की व्यवस्था भी की जाएगी। दीपावली मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए छोटे झूले भी लगाए जाएंगे। इसका ठेका भी जल्द किया जाएगा। बैठक में सहायक नगर आयुक्त बृजपाल सिंह, इंद्र विजय, मुख्य अभियंता यशवंत कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. गजेंद्र सिंह, महाप्रबंधक जलकल कुमार गौरव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

स्वच्छ भारत मिशन की लगेगी प्रदर्शनी

नगर आयुक्त मनीष बंसल ने बताया कि दीपावली मेले में स्वच्छ भारत मिशन की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर की मदद ली जाएगी। टायलेट के माडल, डोर टू डोर वाहन, होम कम्पोस्टिग, वेस्ट मैनेजमेंट के स्टाल लगाए जाएंगे। स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के स्टाल भी लगेंगे।

chat bot
आपका साथी