तीन पेट्रोल पंप पर मिली घटतौली, जुर्माना

घटतौली की जांच कराने को रविवार को 18 पेट्रोल पंप पर छापेमारी की गई।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 05:15 AM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 05:15 AM (IST)
तीन पेट्रोल पंप पर मिली घटतौली, जुर्माना
तीन पेट्रोल पंप पर मिली घटतौली, जुर्माना

मेरठ,जेएनएन। घटतौली की जांच कराने को रविवार को 18 पेट्रोल पंप पर छापेमारी की गई। जिलाधिकारी के. बालाजी ने अचानक टीम गठित की और कलक्ट्रेट से बताया गया कि किस-किस पेट्रोल पंप पर छापेमारी की जाए। घटतौली पाई जाने पर रिठानी में एस्सार फिलिग प्वाइंट, मेसर्स केयर फ्यूल प्वाइंट गढ़ रोड और रमन एंड कंपनी दिल्ली रोड मेरठ पर जुर्माना लगाया गया है। यहां प्रति लीटर 40 मिली. कम पाया गया था। जांच के बाद अधिकारियों ने जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपी।

प्रधान पति को घर में घुसकर पीटा : दौराला के अझौता गांव में ग्राम प्रधान पति संग कुछ ग्रामीणों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि आरोपित जबरन एक ऐसे व्यक्ति का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने पर अड़े थे, जिसकी 2011 में मौत हो गई थी। प्रधान पति ने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की। पीड़ित प्रधान पति ने तहरीर दी है।

अझौता गांव में मालती यादव पत्नी अखिल यादव ग्राम प्रधान बनी हैं। तहरीर में आरोप लगाया कि दो दिन पूर्व जब प्रधान का वर्चुअल शपथ ग्रहण हो रहा था, तभी गांव के आधा दर्जन लोग उनके घर पहुंच गए। जैसे ही शपथ ग्रहण कार्यक्रम समाप्त हुआ, तभी उन लोगों ने बदसलूकी करते हुए एक व्यक्ति का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने का दबाव बनाया। प्रधान पति अखिल ने जब उन लोगों से कहा कि जिसकी 2011 में मृत्यु हो चुकी है, उसका 2021 में मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बनाया जा सकता। इसपर आरोपितों ने प्रधान पति के साथ मारपीट कर दी। वहीं प्रधान पति का कहना है कि कुछ लोग हमारी जीत को पचा नहीं पा रहे हैं। इंस्पेक्टर ब्रिजेश चौहान का कहना है कि तहरीर मिली है, जिस पर जांच की जा रही है। आरोपितों पर कार्रवाई तय है।

chat bot
आपका साथी