करवाचौथ से चमका सैलून का मेकअप

करवा चौथ पर्व निकट आते ही पिया को लुभाने के लिए महिलाओं ने तैयारी शुरू कर दी है। फेशियल से लेकर बाडी पालिश और मेनिक्योर-पेडीक्योर की विशेष डिमांड है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Oct 2020 10:48 PM (IST) Updated:Sat, 31 Oct 2020 10:48 PM (IST)
करवाचौथ से चमका सैलून का मेकअप
करवाचौथ से चमका सैलून का मेकअप

मेरठ, जेएनएन। करवा चौथ पर्व निकट आते ही पिया को लुभाने के लिए महिलाओं ने तैयारी शुरू कर दी है। फेशियल से लेकर बाडी पालिश और मेनिक्योर-पेडीक्योर की विशेष डिमांड है। पिछले कई माह से सूने पड़े सैलून में भी करवाचौथ के संग ही रौनक लौट आई है। महिलाएं फेशियल, बाडी पालिश, क्लीनअप, मेनीक्योर, पेडीक्योर, हेयर कलर, नेलआर्ट और हेयर कटिंग करवाने के लिए सैलून पहुंच रही हैं। सैलून संचालक भी कोरोना काल में सुरक्षा नियमों का पालन कर रहे हैं। अधिकतर सैलून में सीमित बुकिंग दी जा रही हैं, ताकि सैलून में भीड़ एकत्र नहीं हो। फिलहाल सैलून से वेटिंग एरिया भी हटा दिया गया है। स्टाफ सदस्य मास्क और दस्ताने पहनकर काम में जुटे हैं।

साफ-सफाई है प्राथमिकता

सैलून पहुंचने से पहले महिलाएं साफ सफाई और हाइजीन की पूरी ले रही हैं। महिलाएं बुकिंग करवाकर निर्धारित समय से ही सैलून पहुंच रही हैं। वे सैलून में प्रतीक्षा नहीं करना चाहती। सैलून प्रबंधन भी साफ सफाई लेकर विशेष सतर्क है। हर घंटे सैलून सैनिटाइज किया जा रहा है। महिलाओं को भी बिना मास्क प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। स्टाफ के सदस्य मास्क, कैप और दस्ताने पहनकर काम कर रहे हैं। इससे संक्रमण फैलने के खतरे की आशंका को शून्य किया जा रहा है।

एक किट का एक बार प्रयोग

संक्रमण नहीं फैले, इसके लिए फेशियल किट हो या फिर मेनीक्योर- पेडीक्योर किट, सभी के छोटे पैक तैयार किए गए हैं। इन्हें एक ही बार प्रयोग किया जाता है। ऐसा करने से संक्रमण फैलने का खतरा पूरी तरह से खत्म हो जाता है।

फेसशीट पहनकर लगेगी मेहंदी

इस बार आप मेहंदी लगवाने जाएं तो मास्क के साथ ही फेसशीट ले जाना नहीं भूलें। मेहंदी लगवाने के लिए स्टाफ सदस्य के पास आपको आधा घंटा बैठना पड़ेगा। ऐसे में सुरक्षा बेहद जरूरी है। स्टाफ सदस्य भी फेसशीट लगाकर ही मेहंदी लगाएगी।

इनका कहना है

इस बार बुकिंग के बाद ही सर्विस दी जा रही है। स्टाफ सदस्य दस्ताने, मास्क और कैप का प्रयोग कर रहे हैं। सबसे ज्यादा फेशियल और क्लीनअप की मांग है। कई माह से घर में रहने के बाद महिलाओं का अपने ऊपर विशेष फोकस है। करवाचौथ के दिन मेकअप की भी काफी बुकिंग हैं।

-अभिनव बख्शी, डायरेक्टर लैक्मे सैलून साकेत

सैलून में सभी सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा है। करवाचौथ पर मेहंदी लगाने की बात है तो आर्टिस्ट फेसशीट लगाकर ही मेहंदी लगाएगी, ताकि संक्रमण का खतरा ही ना रहे।

-नीतू महरोत्रा, सेंटर हैड वीएलसीसी दिल्ली रोड

अधिक बुकिंग के चलते दो शिफ्ट में काम किया जा रहा है। आधे घंटे की साफ सफाई करवाने के बाद स्टाफ बदल दिया जाता है।

-सुधा सिंह ब्यूटी एक्सपर्ट, सुकून सैलून वेस्टर्न कचहरी रोड

chat bot
आपका साथी