श्रीलंका दौरे के लिए मेरठ से रवाना हुए क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार, सांसद ने घर पहुंचकर दी बधाई

भारतीय टीम में यूपी और खासकर मेरठ के क्रिकेटरों ने पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। भारतीय टीम में भुवनेश्वर कुमार को उप कप्तान की जिम्मेदारी मिली है। मेरठ से भुवनेश्वर कुमार पहले क्रिकेटर हैं जो भारतीय टीम में यह जिम्मेवारी संभालने जा रहे हैं।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 11:00 AM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 11:00 AM (IST)
श्रीलंका दौरे के लिए मेरठ से रवाना हुए क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार, सांसद ने घर पहुंचकर दी बधाई
मेरठ में सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने भुवी के घर पहुंचकर उन्‍हें बधाई दी।

मेरठ, जेएनएन। मेरठ के क्रिकेटर और स्विंग के सरताज भुवनेश्वर कुमार को टीम इंडिया में नई जिम्मेदारी मिली है। जुलाई में होने वाले श्रीलंका दौरे के लिए वह उप कप्तान बनाए गए हैं। रविवार को वह मेरठ से रवाना हो गए। सोमवार को वह नोएडा से मुंबई जाएंगे, जहां 10 दिन आइसोलेशन के बाद श्रीलंका जाएंगे। उनके उप कप्‍तान चुने जाने पर राजनेताओं ने उन्‍हें बधाई दी हैं। सांसद राजेंद्र अग्रवाल भुवी के घर भी पहुंचे।

उप कप्‍तान की जिम्‍मेदारी

भारतीय टीम में उत्तर प्रदेश और खासकर मेरठ के क्रिकेटरों ने पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। भारतीय टीम में भुवनेश्वर कुमार को उप कप्तान की जिम्मेदारी मिली है। मेरठ से भुवनेश्वर कुमार पहले क्रिकेटर हैं जो भारतीय टीम में यह जिम्मेवारी संभालने जा रहे हैं। श्रीलंका में भुवनेश्वर कुमार क्या रणनीति अपनाएंगे, इसे लेकर उन्होंने अभी से मंथन शुरू कर दिया है। श्रीलंका में समुद्र के पास स्टेडियम होने की वजह से पिच पर नमी अधिक रहती है। ऐसे में मौसम का भी असर पिच पर पड़ता है। भुवनेश्वर कुमार के अनुसार टीम में सभी अच्छे खिलाड़ी हैं, टीम भी संतुलित है। जिससे सभी का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। सभी अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करेंगे।

सांसद ने दी भुवी को बधाई

भुवनेश्वर कुमार के गंगानगर स्थित आवास पर रविवार को सांसद राजेंद्र अग्रवाल पहुंचे। कोविड की वजह से भुवनेश्वर कुमार के परिवार में कई लोग संक्रमित भी हुए थे। सांसद ने सबसे पहले भुवनेश्वर के पिता के निधन पर अपनी शोक संवेदना प्रकट की। भुवनेश्वर कुमार की माता और बहन से भी मिले। सांसद ने श्रीलंका में होने वाले मैचों में उप कप्तान बनाए जाने पर भुवनेश्वर को बधाई दी। कहा कि यह मेरठ के लिए गौरव की बात है। साथ ही जीत के लिए अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। इस दौरान कोच संजय रस्तोगी, हर्ष आदि भी रहे।

अतुल प्रधान ने भुवी से कराई अखिलेश यादव की बात

रविवार को गंगानगर स्थिति भुवनेश्वर कुमार के आवास पर कई जनप्रतिनिधि पहुंचे। इनमें राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष लोकेश प्रजापति ने भी क्रिकेटर को बधाई दी। इसके अलावा एमएलसी सरोजिनी अग्रवाल, सारथी संस्था सहित कई लोगों का तांता लगा रहा। सपा नेता अतुल प्रधान ने भी भुवी से मिलकर उनके पिता की मृत्यु पर संवेदना व्यक्त की। उप कप्तान चुने जाने पर उन्हें बधाई दी। इस दौरान अतुल ने फोन पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भुवनेश्वर कुमार की बात कराई। उन्होंने भी भारतीय टीम में उप कप्तान बनने पर भुवनेश्वर को बधाई दी।

chat bot
आपका साथी