निगम..व्यवस्था बेपटरी, शहर में गंदगी

शहर की सफाई व्यवस्था पटरी से उतर गई है। शहर के मुख्य मार्गो किनारे मौजूद स्थायी और अस्थायी कूड़ाघरों से कूड़ा उठ नहीं रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Nov 2019 10:00 AM (IST) Updated:Sun, 17 Nov 2019 06:04 AM (IST)
निगम..व्यवस्था बेपटरी, शहर में गंदगी
निगम..व्यवस्था बेपटरी, शहर में गंदगी

मेरठ, जेएनएन। शहर की सफाई व्यवस्था पटरी से उतर गई है। शहर के मुख्य मार्गो किनारे मौजूद स्थायी और अस्थायी कूड़ाघरों से कूड़ा उठ नहीं रहा है। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को गाड़ियां घर-घर नहीं पहुंच रही हैं। शहर में चंहुओर कचरे की गंदगी और दुर्गध व्याप्त है। इसके चलते शहर में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।

कई दिनों से शहर के सभी स्थायी व अस्थायी कूड़ाघरों पर सैकड़ों टन कूड़ा डंप है। कई स्थानों पर डस्टबिन भर गए हैं, कचरा सड़क पर आ गया है। घंटाघर समेत अन्य क्षेत्रों में नाले की सिल्ट सड़क पर फैली है। वहीं, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था भी नियंत्रण से बाहर चल रही है। वाहन कहां से कूड़ा उठा रहे हैं और लोहिया नगर डंपिंग ग्राउंड तक कितने वाहन पहुंच रहे हैं, इसकी भी कोई निगरानी नहीं हो रही है। शहर में कई मोहल्ले ऐसे हैं जहां पर लोग घरों में कूड़ा रखकर दो से तीन दिन तक डोर टू डोर वाहन आने का इंतजार करने को मजबूर हैं। बिना तिरपाल डाले ट्रैक्टर कूड़े को बिखराते हुए चल रहे हैं। यही नहीं, कई जगह डस्टबिन में ही कूड़ा जलाया जा रहा है, जिससे डस्टबिन भी हरे रंग की बजाय काले पड़ गए हैं। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था में लगे डिपो प्रभारियों और सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों की नींद नहीं टूट रही है। गंदगी और दुर्गध के चलते शहर बीमारियों की कगार पर खड़ा है।

इन क्षेत्रों में सबसे बदतर हैं हालात

दिल्ली रोड पर परतापुर, रिठानी, संजय वन, टेलीफोन एक्सजेंच के पास, भैंसाली रोडवेज बस अड्डे के समीप, गुरुद्वारा रोड मोड़ पर कचरे के ढेर लगे हैं। गढ़ रोड पर मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी गेट के समीप, आनंद हॉस्पिटल के पास, मंगलपांडेय नगर मोड़ पर, पशु चिकित्सालय के गेट के पास कूड़े का ढेर मौजूद है। बेगमपुल से कचहरी रोड किनारे कूड़ा दुर्गध मार रहा है। ट्रांसपोर्ट नगर, बागपत रोड में जगह-जगह कूड़ा पड़ा हुआ देखा जा सकता है। हापुड़ रोड पर जाकिर कालोनी और नौचंदी मैदान के मोड़ पर कूड़े का अंबार लगा हुआ। बिजली बंबा बाइपास किनारे अभी भी कूड़ा डाला जा रहा है। गांवड़ी तक सीमित है प्रशासनिक अमला

नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया ने गांवड़ी में कूड़ा निस्तारण प्लांट के निर्माण में पूरी ताकत झोंक रखी है। निर्माण विभाग के इंजीनियरों से लेकर जोनल सेनेटरी अधिकारी, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी तक को लगा दिया है, लेकिन शहर की सफाई को लेकर तनिक भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इनसेट:--

मुख्य सचिव के दौरे को लेकर शहर में घूमे अफसर

मेरठ : मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी सोमवार को मेरठ आ रहे हैं। इसे लेकर सहायक नगर आयुक्त ब्रजपाल सिंह और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह ने शहर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। दिल्ली रोड, परतापुर, हवाई पट्टी गढ़ रोड, विश्वविद्यालय मार्ग, कंकरखेड़ा में कचरे के ढेर और कई स्थानों पर नाले की सिल्ट सड़क पर मिली। बिजली बंबा बाइपास किनारे सुपरटेक के पास कूड़ा जलता पाया, जिसे बुझवाया गया। सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि जोनल सेनेटरी अधिकारी, सभी डिपो प्रभारी व सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को कड़ी फटकार लगाई है। निर्देश दिया है कि शहर में कहीं कचरा नजर नहीं आना चाहिए। सारे संसाधन लगाकर सफाई सुनिश्चित कराएं। कंकरखेड़ा में कृषि विश्वविद्यालय के आसपास इसमें किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

chat bot
आपका साथी