CoronaVirus Meerut News: 24 घंटे में 750 के करीब मिले मरीज- आठ की मौत, जानें अन्य जिलों का हाल
नाइट कर्फ्यू और साप्ताहिक लाकडाउन से भी कोरोना नहीं थम रहा है। रविवार को मुजफ्फरनगर सहारनपुर व आसपास के जिलों में 1445 लोग संक्रमित मिले। तीन पीड़ितों की मौत हो गई। मुजफ्फरनगर में 569 मरीज मिले और दो लोगों की मौत हो गई।
मेरठ, जेएनएन। रविवार को लगातार दूसरे दिन सात सौ से ज्यादा मरीज मिले हैं, वहीं आठ मरीजों की जान चली गई है। खतरनाक बात ये है कि मरने वालों में ज्यादातर युवा हैं। सीएमओ डा. अखिलेश मोहन ने बताया कि रविवार को 8324 सैंपलों की जांच रिपोर्ट जारी हुई, जिसमें 741 नए मरीज मिले हैं। एक साल से कम उम्र के बच्चे से लेकर 94 वर्ष के बुजुर्ग भी संक्रमित हैं। 159 मरीज डिस्चार्ज कर दिए गए हैं, वहीं 1944 लोग होम आइसोलेशन में रखे गए हैं। कोरोना से मरने वालों में बागपत रोड की 49 साल की महिला, जागृति विहार के 48 साल के व्यक्ति, कंकरखेड़ा की 50 साल की महिला, शास्त्रीनगर के 56 साल व सकौती टांडा के 55 साल के मरीज, किठौर के 40 साल के जवान और अहमद नगर निवासी शामिल हैं।
मेडिकल में दस की मौत
मेडिकल कालेज के कोविड वार्ड में जहां मरीजों की संख्या दो सौ से ज्यादा बनी हुई है, वहीं पिछले 24 घंटे में 60 मरीज भर्ती हुए हैं। दस मरीजों की मौत हो गई है। इसमें आठ मेरठ के और दो अन्य जिलों के मरीज हैं। प्राचार्य डा. ज्ञानेंद्र सिंह ने चिकित्सकों के साथ बैठक की। कोविड वार्ड प्रभारी डा. सुधीर राठी ने बताया कि 110 मरीज आइसोलेशन में, जबकि 94 मरीज आइसीयू में भर्ती हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने पर 25 बेड की नई आइसीयृ शुरू की गई है। कोविड वार्ड के सामने एंबुलेंसों की कतार नजर आई।
1445 संक्रमित मिले तीन लोगों की मौत
नाइट कर्फ्यू और साप्ताहिक लाकडाउन से भी कोरोना नहीं थम रहा है। रविवार को मुजफ्फरनगर, सहारनपुर व आसपास के जिलों में 1445 लोग संक्रमित मिले। तीन पीड़ितों की मौत हो गई। मुजफ्फरनगर में 569 मरीज मिले और दो लोगों की मौत हो गई। बुलंदशहर में 296 संक्रमित मिले। सहारनपुर में 263 पाजिटिव मिले। बिजनौर में जहां 258 लोग संक्रमित मिले। वहीं एक की मौत हो गई। बागपत में 43 और शामली में 16 पाजिटिव मिले।