सहारनपुर के रणखंडी गांव में बारातघर को लेकर विवाद, पथराव व फायरिंग, मच गई अफरा तफरी
सहारनपुर के रणखंडी गांव में बने बारातघर को लेकर पूर्व प्रधान पक्ष व ग्रामीणों में विवाद हो गया। पथराव व फायरिंग भी हुई जिससे अफरातफरी मच गई। पुलिस ने किया मामला शांत पूर्व प्रधान पति समेत कई हिरासत में।
सहारनपुर, जेएनएन। रणखंडी गांव में बने बारातघर को लेकर पूर्व प्रधान पक्ष व ग्रामीणों में विवाद हो गया। पथराव व फायरिंग भी हुई जिससे अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराते हुए दोनों पक्षों के पूर्व प्रधान समेत कई लोगों को हिरासत में लिया है।
यह है मामला
रणखंडी गांव में सार्वजनिक भवन है। जहां ग्रामीण विवाह समारोह अथवा पंचायत आदि का आयोजन करते है। रविवार सुबह बारातघर को लेकर पूर्व प्रधान पति दिनेश सिंह व ग्रामीणों में कहासुनी के बाद विवाद हो गया। इस दौरान पथराव व फायरिंग भी हुई। सूचना मिलते ही तुरन्त पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूर्व प्रधान समेत दोनों पक्षों से कई लोगो को हिरासत में ले कोतवाली ले आई। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त सार्वजनिक भवन ग्राम पंचायत की भूमि पर बना है। जिस पर पूर्व प्रधान अपनी संपत्ति समझ कब्जा जमाने का प्रयास कर रहा है।
जबकि पूर्व प्रधान पति दिनेश सिंह का कहना है कि उन्होंने अपने खर्चे से उक्त भवन का निर्माण किया था जिस पर 17 लाख रुपये लगे थे। इस खर्च को ग्रामीण या पंचायत समिति उन्हें वापस करे। उधर, प्रभारी निरीक्षक योगेश कुमार का कहना है कि पूर्व प्रधान का परिवार पिछले दो दिनों से सार्वजनिक भवन में ही रह रहा था। इसी को लेकर विवाद हुआ। दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।