विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस तैयार कर रही प्रशिक्षित कार्यकर्ता, दो दिन में मेरठ के 500 कार्यकर्ताओं ने लिया प्रशिक्षण

मेरठ में प्रशिक्षण से पराक्रम महाभियान के तहत दो दिन में कांग्रेस महानगर कमेटी के लगभग 500 कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनाव जिताने का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसमें मुख्य फोकस बूथ मैनेजमेंट सोशल मीडिया में सक्रिय भागीदारी पर रहा।

By Taruna TayalEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 08:29 PM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 08:29 PM (IST)
विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस तैयार कर रही प्रशिक्षित कार्यकर्ता, दो दिन में मेरठ के 500 कार्यकर्ताओं ने लिया प्रशिक्षण
विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस तैयार कर रही प्रशिक्षित कार्यकर्ता।

मेरठ, जेएनएन। प्रशिक्षण से पराक्रम महाभियान के तहत दो दिन में कांग्रेस महानगर कमेटी के लगभग 500 कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनाव जिताने का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसमें मुख्य फोकस बूथ मैनेजमेंट, सोशल मीडिया में सक्रिय भागीदारी पर रहा।

महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण बुधवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र में दिया गया। गुरुवार को इसका समापन शिवम बैंक्वेट हाल, निकट एल ब्लाक,शास्त्री नगर में हुआ। कांग्रेस प्रशिक्षक डॉ हफीजुर्रहमान ने कांग्रेस विचारधारा,शिवकांत मिश्रा ने बूथ मैनेजमेंट, आनंद शुक्ला ने आरएसएस व बीजेपी की समाज को तोड़ने वाली विचारधारा, आश्कार आलम ने किसने बिगाड़ा उत्तर प्रदेश व संजीव मिश्रा ने सोशल मीडिया के प्रयोग व उसके महत्व को बताया। प्रदेश मुख्यालय में जुलाई माह से ही एक विशेष ट्रेनिंग टास्क फोर्स का गठन किया गया है जो अनवरत प्रशिक्षण के कार्य को अंजाम दे रही है।

प्रशिक्षण से पराक्रम महाभियान के पहले चरण में कांग्रेस ने अपने तकरीबन 25 हज़ार कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया था। 11 दिनों तक जिलावार चले इस अभियान के पहले चरण में चालीस सदस्यीय सात मास्टर ट्रेनर टीमों ने यूपी के सभी जिलों में जिला और शहर कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ ब्लाक अध्यक्षों, वार्ड अध्यक्षों और न्याय पंचायत अध्यक्षों को प्रशिक्षित किया था।अब यह अभियान विधानसभावार शुरू हुआ है। मेरठ में महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण समाप्त हो गया है। अन्य जिलों में यह 30 सितंबर तक चलेगा। गौरतलब है कि इस अभियान के तहत कांग्रेस ने 700 प्रशिक्षण शिविरों के जरिये दो लाख पदाधिकारियों को प्रशिक्षित करने का महाभियान शुरू किया है। यह महाभियान चार चरणों में पूरा होगा।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विदित चौधरी और प्रदेश सचिव नसीम खान ने कहा कि उप्र में भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था खराब है। बेरोजगारी बढ़ गई है। युवाओं के बीच प्रशिक्षित कार्यकर्ता यह बात पहुंचाएंगे। प्रशिक्षण शिविर में महानगर अध्यक्ष ज़ाहिद अंसारी,चौधरी धूम सिंह गुर्जर, पंडित माया प्रकाश शर्मा, महानगर प्रवक्ता अखिल कौशिक,नफीस सैफ़ी,नसीम सैफ़ी,अनिल शर्मा,इमरान समेत करीब 250 कार्यकर्ता मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी