मेरठ के बनियापाड़ा में पुरानी रंजिश को लेकर संघर्ष, 50 राउंड गोलियां चलीं, तीन घायल Meerut News

पुराने मेरठ के बनियापाड़ा में पुरानी रंजिश को लेकर गुरुवार को दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। पंद्रह मिनट तक पथराव और फायरिंग में एक पक्ष के तीन लोगों को गोली लगी।

By Prem BhattEdited By: Publish:Fri, 05 Jun 2020 11:20 AM (IST) Updated:Fri, 05 Jun 2020 11:20 AM (IST)
मेरठ के बनियापाड़ा में पुरानी रंजिश को लेकर संघर्ष, 50 राउंड गोलियां चलीं, तीन घायल Meerut News
मेरठ के बनियापाड़ा में पुरानी रंजिश को लेकर संघर्ष, 50 राउंड गोलियां चलीं, तीन घायल Meerut News

मेरठ, जेएनएन। बनियापाड़ा में पुरानी रंजिश को लेकर गुरुवार को दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। पंद्रह मिनट तक पथराव और फायरिंग में एक पक्ष के तीन लोगों को गोली लगी। पुलिस पहुंची तो आरोपित फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में लिया है। कोतवाली क्षेत्र के बनियापाड़ा निवासी हाजी फारूख और हाजी रईस में रमजान माह में नमाज पढ़ने को लेकर विवाद हो गया था। उस समय भी दोनों में पथराव-फायरिंग हुई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। उसी समय से दोनों में तनाव चल रहा था। पुलिस के मुताबिक गुरुवार को फारूख पर रईस पक्ष के लोगों ने कमेंट कर दिया।

15 मिनट पर माहौल खराब

फारूख के विरोध करने पर रईस पक्ष ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग मकान की छतों से पथराव करने लगे। करीब पंद्रह मिनट तक दोनों पक्षों की तरफ से पथराव एवं फायरिंग की गई। करीब पचास राउंड फायरिंग की गई है। पुलिस ने मौके से करीब दस खोखे भी बरामद कर लिए। फायरिंग में फारूख के बेटे शारिक और सादिक तथा भतीजे इजलाल को गोली लग गई है। फारूख ने सद्दाम, शाहरुख, सुहेब, हसीन, जफर, अकरम और औरंगजेब पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है।

पुलिस की लापरवाही से बरसी गोलियां

एडीजी से आइजी तक लगातार पुरानी रंजिश को लेकर चिह्न्ति मामलों में मुचलका पाबंदी की कार्रवाई के आदेश दे चुके हैं। फारूख और रईस पक्ष में रमजान के समय में भी पथराव एवं फायरिंग हुई थी। मुकदमे दर्ज हैं। इसके बावजूद आरोपित पकड़ से दूर हैं। पुलिस गंभीर होती तो शायद दोबारा फायरिंग नहीं होती।

गोलियों की आवाज से दहला बनियापाड़ा

दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे पर निशाना लगाकर गोली बरसा रहे थे। दोनों के मकानों की दीवारे भी गोलियों से छलनी हो गईं। इतने असलाह और गोलियां कहां से आईं। पुलिस जांच की बात कह रही है।

इनका कहना है

पुलिस ने अपनी तरफ से मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों को पकड़कर अवैध असलाह बरामद कर रासुका लगाया जाएगा। दोनों पक्षों के लोग बनियापाड़ा की शांति व्यवस्था के लिए खतरा हैं।

- अजय साहनी, एसएसपी 

chat bot
आपका साथी