क्लाथ बैंक ने सौंपे 31 सिलेंडर इमरजेंसी में मिलेगी आक्सीजन

जो काम जिला प्रशासन नहीं कर पाया। वह एक समाजसेवी ने महज तीन दिन के प्रयास में कर दिखाया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 01:42 AM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 01:42 AM (IST)
क्लाथ बैंक ने सौंपे 31 सिलेंडर इमरजेंसी में मिलेगी आक्सीजन
क्लाथ बैंक ने सौंपे 31 सिलेंडर इमरजेंसी में मिलेगी आक्सीजन

मेरठ,जेएनएन। जो काम जिला प्रशासन नहीं कर पाया। वह एक समाजसेवी ने महज तीन दिन के प्रयास में कर दिखाया है। होम आइसोलेशन के मरीजों को इमरजेंसी में तत्काल आक्सीजन मिल सके। इसके लिए उन्होंने नगर निगम को 31 सिलेंडर सौंप दिए हैं। आक्सीजन भरकर इन्हें परतापुर केंद्र स्टाक में रखा जाएगा। आक्सीजन लेवल 60 से कम होने पर ही खाली सिलेंडर के बदले भरा सिलेंडर दिया जाएगा।

यह नेक काम क्लाथ बैंक के कोआर्डिनेटर समाजसेवी अमित कुमार अग्रवाल ने किया है, जिन्होंने सांसों के संकट से जूझते शहरवासियों के लिए तीन दिन के प्रयास में जन सहयोग से करीब 31 सिलेंडर अभी तक एकत्र कर लिए हैं। बुधवार शाम परतापुर स्थित नव भारत विद्यापीठ इंटर कालेज स्थित केंद्र पर नगर आयुक्त मनीष बंसल और सहायक नगर आयुक्त ब्रजपाल सिंह को सुपुर्द किए। उन्होंने कहा कि आक्सीजन बैंक बनाने का उद्देश्य उन लोगों की मदद करना है जिनके मरीज का आक्सीजन लेवल बहुत कम है और उन्हें आक्सीजन की तत्काल आवश्यकता है। ऐसे लोगों को मरीज की रिपोर्ट देखकर उनको पूर्व से भरकर रखे हुए आक्सीजन सिलेंडर बदलकर दे दिए जाएंगे। समाजसेवी अमित अग्रवाल ने बताया कि अभी शुरुआत की है। जनसहयोग से करीब 150 से 200 सिलेंडर जल्द से जल्द मुहैया कराने की कोशिश करेंगे। ताकि परतापुर केंद्र के अलावा जाग्रति विहार और कंकरखेड़ा केंद्र में भी आक्सीजन भरे सिलेंडर का स्टाक किया जा सके। नगर आयुक्त मनीष बंसल ने मानवता की सेवा के लिए किए गए उनके योगदान को सराहा। आक्सीजन बैंक बनाने में मदद करने वालों में राम ऋषि सिघल, कमल ठाकुर, अंकुर मूना, राज कुमार कंसल, दीपक राठी, धीरज कुमार, सुनील जैन का प्रमुख योगदान रहा।

आप भी देना चाहते हैं सिलेंडर तो करें संपर्क

लोगों से अपील की है कि वे भी संकट की घड़ी में आगे आएं। यदि उनके पास ़खाली सिलेंडर है और वह आक्सीजन बैंक को इस्तेमाल करने के लिए देना चाहते हैं तो 9837056704 या 7500104445 पर संपर्क कर सकते हैं। समाजसेवी अमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि जिन लोगों ने ये सिलेंडर दिए या देंगे। उन्हें उनकी जरूरत पर आक्सीजन से भरा सिलेंडर तुरंत वापस कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी