बुलंदशहर में पुलिस पर गंभीर आरोप, युवक की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया, दारोगा समेत आठ पर मुकदमा दर्ज
स्वजन ने कहा कि 11 अप्रैल से युवक पुलिस हिरासत में था। शुक्रवार को उसका शव पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस पर हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर दारोगा समेत आठ पर हत्या व षणयंत्र में मुकदमा दर्ज हुआ है।
बुलंदशहर, जेएनएन। शुक्रवार शाम थाना छतारी के गांव चौढेंरा के जंगल में आम के बाग पेड़ पर विक्की युवक का शव लटका मिला था। जिसे लेकर मृतक के स्वजन ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है। स्वजन का कहना है कि 11 अप्रैल से युवक पुलिस हिरासत में था। और शुक्रवार को उसका शव पेड़ से लटका हुआ मिला। देर रात युवक के स्वजन की तहरीर पर दरोगा समेत आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
हत्या कर शव को लटकाया
छतारी के गांव चौंढेरा निवासी विक्की (22) पुत्र गीतम सिंह की लाश शुक्रवार की सुबह पेड़ से लटकी हुई मिली थी। शव के मिलने के बाद दो घंटे तक स्वजन ने हंगामा किया था। युवक के पिता ने पुलिस पर हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने जांच की मांग करते हुए कहा कि पुलिस की कस्टडी में होने के बाद विक्की पेड़ से कैसे लटका हुआ मिल सकता है।
इस आरोप में गया था जेल
मृतक युवक विक्की के पिता ने बताया कि पांच अप्रैल को गांव के ही एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री को अपहरण करके ले आने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें विक्की को नामजद किया था। इसके बाद पुलिस ने 11 अप्रैल को विक्की और युवती को बरामद कर लिया था। विक्की तभी से पुलिस हिरासत में था।
तहरीर के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
युवक के पिता ने बताया कि, शुक्रवार को विक्की का शव गांव के समीप आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। घंटों तक चले हंगामे के बाद विक्की के पिता की तहरीर पर चौकी इंचार्ज राज कुमार मिश्रा के अलावा आठ के खिलाफ हत्या व षड्यंत्र करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर योगेंद्र कुमार ने बताया कि, मामले में विवेचना शुरू कर दी गई है।