दहेज हत्या में ससुराल पक्ष के खिलाफ दर्ज मुकदमा

कस्बा करनावल में पांच दिन पहले विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 08:25 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 08:25 PM (IST)
दहेज हत्या में ससुराल पक्ष के खिलाफ दर्ज मुकदमा
दहेज हत्या में ससुराल पक्ष के खिलाफ दर्ज मुकदमा

मेरठ,जेएनएन। कस्बा करनावल में पांच दिन पहले विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। मायके वालों ने शनिवार को दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। जिस पर पुलिस ने आरोपित पति व सास समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जिला बिजनौर के नजीबाबाद के कस्बा जलालाबाद निवासी फरीद अहमद पुत्र अब्दुल रशीद ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन उजमा की शादी कई वर्ष पहले करनावल निवासी फरमान पुत्र वकील के साथ की थी। लेकिन, ससुराल वाले लगातार दहेज में दो लाख रुपये के साथ बाइक की मांग कर रहे थे। उन्होंने विवाहिता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। छह जून को उनकी बहन ने फोन पर ससुरालियों द्वारा मारपीट करने और अपनी जान को खतरा बताया था। इसके तीन दिन बाद मायके वाले करनावल पहुंचे तो ससुराल में उनकी बहन का शव पड़ा हुआ था। आरोप है कि विवाहिता के शरीर पर मारपीट के निशान थे। लेकिन, आरोपितों ने ग्रामीणों व रिश्तेदारों द्वारा उनपर दबाव बनाकर रिपोर्ट दर्ज नहीं करने दी और शव को आनन-फानन में सुपुर्द-ए-खाक करवा दिया। शनिवार को मायका पक्ष थाने पहुंचा और हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने शनिवार देर रात मृतका के पति फरमान, सास शकीला, ननद शाहिस्ता व देवर, दानिश व अरशद पुत्र वकील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

दुष्कर्म के आरोप के पीछे संपत्ति का विवाद निकला: थाना क्षेत्र के झिटकारी निवासी विवाहिता ने देवर व जेठ के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस जांच में मामला फर्जी निकला। हल्का दारोगा ने मामले की जांच रिपोर्ट सीओ को भेजी है। पुलिस के अनुसार महिला ने संपत्ति के विवाद के चलते देवर व जेठ को फंसाने के लिए दुष्कर्म का आरोप लगाया था।

chat bot
आपका साथी