सख्ती के पक्ष में व्यापारी, पर नाइट क‌र्फ्यू मंजूर नहीं

व्यापारिक गतिविधियों में तेजी की संभावनाओं पर कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने ब्रेक लगा दिया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 09:10 AM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 09:10 AM (IST)
सख्ती के पक्ष में व्यापारी, पर नाइट क‌र्फ्यू मंजूर नहीं
सख्ती के पक्ष में व्यापारी, पर नाइट क‌र्फ्यू मंजूर नहीं

मेरठ, जेएनएन। व्यापारिक गतिविधियों में तेजी की संभावनाओं पर कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने ब्रेक लगा दिया है। कोरोना संक्रमित लोगों की तेजी से बढ़ रही संख्या के बाद नाइट क‌र्फ्यू लगा दिया गया है। शारीरिक दूरी का अनुपालन सुनिश्चित कराने को मेहमानों की संख्या सीमित कर दी गई है। विवाह उत्सव और त्योहार बाजार में होने वाले व्यापार को बहुत हद तक दिशा देते हैं। आमतौर पर लोग खरीदारी न करें लेकिन शादी समारोहों में जरूर करते हैं। कोरोना काल का सबसे लंबी अवधि का शादी का सीजन 22 अप्रैल से शुरू हो रहा है। वर्तमान हालात पर शहर के कुछ कपड़ा व्यापारियों ने दैनिक जागरण से साझा की अपने मन की बात..

इन्होंने कहा-

चार माह से साये नहीं थे। अगले तीन माह सायों की तिथि के मद्देनजर हमें अच्छी बिक्री की उम्मीद थी। कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ने से पिछले एक सप्ताह से जो सामान्य काम था वह भी आधा रह गया है। कपड़ों की अच्छी-खासी रेंज हमने दिल्ली-मुंबई से मंगाई है। सभी उत्सव में पहने जाने वाले परिधान गर्मी के सीजन को ध्यान में रख कर लाए गए हैं। लेकिन विवाह आयोजनों में जब लोग जाएंगे ही नहीं तो खरीदारी भी नहीं करेंगे।

रजत गोयल, संचालक, टाम एंड जेरी शोरूम, सेंट्रल मार्केट

--------

बाजार में साड़ी-सूट की 10 दुकानें हैं। सायों के सीजन के कारण सभी दुकानदार जयपुर और अहमदाबाद का दौरा करके लौटे हैं और दुकानों और गोदामों में माल भरा पड़ा है। जयपुर से सूट, ड्रेस, लहंगा स्टाइल के कपड़े मंगाए गए हैं। अहमदाबाद से साड़ियों और सूट की खेप आई है। माल भरपूर है। पर नाइट क‌र्फ्यू लग जाने से लोगों में दहशत है। लोगों की खरीदारी खाने-पीने और जरूरत के सामान तक ही सीमित है। सरकार को क‌र्फ्यू लगाने की जगह टीकाकरण पर जोर देना चाहिए।

बाल किशन राय, अध्यक्ष, सुभाष बाजार कपड़ा व्यापार संघ

------------

सदर बाजार और आबू लेन में स्थानीय के अलावा बड़ौत, सम्भल, हापुड़, बागपत, सरधना तक से ग्राहक आते हैं। नाइट क‌र्फ्यू लगने से दिन में भी ग्राहक नहीं आ रहे हैं। हमारा रीवा नाम से ब्रांडेड महिला परिधानों का शोरूम है। लेडीज डिजाइन सूट, लहंगा, गाउन आदि फैशनेबल परिधानों का स्टाक मंगवाया था। दो दिन बाद नवरात्र से बिक्री होने की उम्मीद थी। प्रशासन को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सख्ती बरतनी चाहिए। इसके लिए चाहे दंड क्यों न लगाया जाए, पर लाकडाउन और क‌र्फ्यू न लगाया जाए।

अमित बंसल, महामंत्री, सदर व्यापार मंडल

chat bot
आपका साथी