बुलंदशहर : भाकियू ने पंचायत में रणनीति पर किया मंथन, उठाए गए किसानों के कई मुद्दे

बुलंदशहर में पंचायत के दौरान बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धमेंद्र सिंह ने कहा कि कोरोनामहामारी के दौरान आए बिजली बिलों को सरकार जल्द से जल्द माफ करे ताकि किसानों को समस्या न हो। कई समस्‍याओं पर मंथन हुआ।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 04:40 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 04:40 PM (IST)
बुलंदशहर : भाकियू ने पंचायत में रणनीति पर किया मंथन, उठाए गए किसानों के कई मुद्दे
बुलंदशहर में पंचायत में किसान आंदोलन को और अधिक मजबूत करने पर विचार हुआ।

बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। Kisan Andolan खुर्जा में क्षेत्र के गांव वाजिदपुर में शनिवार दोपहर भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति की पंचायत हुई। जिसमें कोरोना काल के समय के किसानों के बिजली बिल माफी को लेकर रणनीति बनाई अगर संगठन का विस्तार किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धमेंद्र सिंह ने कहा कि कोरोनामहामारी के दौरान आए बिजली बिलों को सरकार जल्द से जल्द माफ करे, ताकि किसानों को समस्या न हो।

आए दिन हो रहे हादसे

इसके अलावा सिकंदराबाद टोल प्लाजा से लेकर गभाना टोल प्लाजा तक सड़क में गहरे गड्ढे होने पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। जिन्हें विभाग द्वारा जल्द से जल्द ठीक कराया जाए। जबकि नियम है रोड बढिय़ा होने के बाद ही टोल टैक्स लिया जाए। जब रोड ठीक नहीं है, तो टोल टैक्स नहीं लिया जाना चाहिए। अगर जल्द ही उनकी यह मांग पूरी नहीं की जाती है, तो वह खुद ही आंदोलन करते हुए टोल फ्री करेंगे। इसके बाद यूनियन का विस्तार किया गया। जिसमें राजप्रताप सिंह को खुर्जा तहसील उपाध्यक्ष, अनिल कुमार को अरनिया ब्लाक उपाध्यक्ष, शिवम को तहसील संगठन मंत्री, राहुल सोलंकी, रशीद, नवाब, भरत सैनी सहित कई लोगों को मनोनित किया गया।

रणनीति पर मंथन

बुलंदशहर के बीबीनगर में भारतीय किसान यूनियन हरपाल गुट की पंचायत में किसान आंदोलन को और अधिक मजबूत करने की रणनीति पर मंथन किया गया। किसानों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग की गई। शनिवार को क्षेत्र के गांव धुमैड़ा में आयोजित पंचायत को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सिंह पूनिया ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज देश का किसान बर्बाद होने की कगार पर है। किसान बिलों का लगातार विरोध होने के बावजूद सरकार मौन है।

महंगाई चरम पर

ब्लाक अध्यक्ष चौधरी जयकरण सिंह ने डीजल पेट्रोल के दामों में बेतहाशा वृद्धि पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि इससे महंगाई चरम पर पहुंच गई है। इस अवसर पर सर्वसम्मति से नीरज चौधरी उर्फ टिंकू को जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। जिलाध्यक्ष कपिल चौधरी ने नव नियुक्त जिला उपाध्यक्ष को संगठन की मजबूती हेतु लगन और निष्ठा से कार्य करने की नसीहत दी। पंचायत की अध्यक्षता रूपराम सिंह व संचालन बिन्नु चौधरी ने किया। इस अवसर पर चौधरी अतर सिंह, पप्पी चौधरी, वीर सिंह, गंगाशरण, टीटू चौधरी व गुड्डू आदि रहे।

chat bot
आपका साथी