स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव IAS लव कुमार के भाई की गोली लगने से मौत, सहारनपुर में मिला शव
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव आइएएस लव कुमार के भाई अंकुर अग्रवाल का गोली लगने से मौत हो गई। सहारनपुर के पिलखनी के समीप फैक्ट्री में शव बरामद हुआ। अंकुर अग्रवाल के बगल से एक पिस्टल भी बरामद हुआ है। पुलिस इस घटना को आत्महत्या मान रही है...
सहारनपुर, जेएनएन। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव तथा कोरोना डेस्क पर अहम जिम्मेदारी संभाल रहे आइएएस लव कुमार अग्रवाल के छोटे भाई अंकुर अग्रवाल का सोमवार देर शाम सरसावा थानाक्षेत्र के पिलखनी स्थित उनकी फैक्ट्री के समीप गोली लगा हुआ शव मिला। वह सुबह 11 बजे घर से फैक्ट्री के लिए निकले थे लेकिन उनका पता नहीं चल रहा था। पुलिस सर्विलांस के जरिए उनको तलाश रही थी। इसी दौरान अंकुर का शव बरामद हुआ। मृतक के स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने शव स्वजन को सौंप दिया।
सदर बाजार थानाक्षेत्र के मोहल्ला ग्रीन पार्क निवासी केजी अग्रवाल शहर के प्रसिद्ध सीए (चार्टर्ड एकाउंटेंट) हैं। उनके एक बेटे लव कुमार अग्रवाल आइएएस हैं। वह आंध्र प्रदेश कैडर के हैं। वहीं, दूसरे बेटे अंकुर अग्रवाल पिलखनी में प्रथम मेटल इंडस्ट्रीज नाम से फैक्ट्री चला रहे थे। इस फैक्ट्री में बैट्री में पडऩे वाले लेड बनता है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह 45 वर्षीय अंकुर अग्रवाल अपने घर से निकले। इसके बाद उन्होंने किसी का फोन रिसीव नहीं किया।
लोकेशन पिलखनी की मिली
दोपहर में अंकुर अग्रवाल के स्वजन ने एसएसपी को अंकुर अग्रवाल के लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन लेनी शुरू की। लोकेशन पिलखनी की मिली, लेकिन सही लोकेशन नहीं मिलने के कारण पुलिस उन्हें तलाशने में नाकाम रही। शाम पांच बजे एक युवक ने अंकुर अग्रवाल का शव एक खेत में पड़ा देखा। फैक्ट्री कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच में पता चला कि अंकुर अग्रवाल की कनपटी पर गोली लगी थी। उनकी लाइसेंसी पिस्टल बराबर में पड़ी थी।
प्रथम दृष्टया आत्महत्या : एसएसपी
एसएसपी डा. एस चन्नपा ने बताया कि अंकुर अग्रवाल के लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने उनकी तलाश की। बाद में पता चला कि उनका शव एक खेत में पड़ा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए लाया गया, लेकिन उनके स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पंचनामा भरकर शव स्वजन को सौंप दिया गया। शव के पास पिस्टल मिलने से प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। अंकुर के मोबाइल की तलाश की जा रही है।