शादी के दिन ही मिली मौत, बदमाशों की गोली से पति को बचाने में गई दुल्हन की जान

विरोध करने पर आरोपितों ने पति पर गोली चला दी, लेकिन पत्‍‌नी के सामने आ जाने से उसके सीने में गोली लग गई।

By Edited By: Publish:Sat, 28 Apr 2018 10:06 AM (IST) Updated:Sat, 28 Apr 2018 03:52 PM (IST)
शादी के दिन ही मिली मौत, बदमाशों की गोली से पति को बचाने में गई दुल्हन की जान
शादी के दिन ही मिली मौत, बदमाशों की गोली से पति को बचाने में गई दुल्हन की जान

मेरठ। बेखौफ कार सवार बदमाशों ने शुक्रवार देर रात दौराला थानाक्षेत्र में दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर मुजफ्फरनगर की एक दुल्हन की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने लाखों के गहने और कार भी लूट ली। वारदात उस समय हुई, जब विवाह के बाद दूल्हा, दुल्हन को लेकर मुजफ्फरनगर लौट रहा था। बदमाश दो कारों में सवार थे। वारदात की सूचना पर एसएसपी मंजिल सैनी, एसपी सिटी श्रीप्रकाश द्विवेदी मौके पर पहुंचे।

मुजफ्फरनगर के मिमलाना रोड निवासी शाहवेज पुत्र शमशाद की बरात शुक्रवार सुबह गाजियाबाद जिले के गांव नाहल में गई थी। बरात में गए ज्यादातर लोग शाम के समय वापस मुजफ्फरनगर लौट आए थे। देर रात करीब 11 बजे दूल्हा शाहवेज और दुल्हन महरोज परवीन उर्फ फरहाना स्विफ्ट कार से मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। कार में दूल्हा शाहवेज के जीजा, बहन एवं दो साल का बच्चा भी था। उनकी कार दौराला थानाक्षेत्र के दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर गांव मटौर के पास पहुंची तो पीछे से आई दो कारों ने ओवरटेक किया।

दुल्हन के सभी गहने ले गए बदमाश
कार रुकने के बाद बदमाशों ने दुल्हन के सभी गहने उतरवा लिए। दुल्हन, उसके पति और अन्य लोगों से कैश और कार भी लूट ली। विरोध करने पर आरोपितों ने पति पर गोली चला दी, लेकिन पत्‍‌नी के सामने आ जाने से उसके सीने में गोली लग गई। वारदात के बाद ड्राइवर ओमकार व अन्य ने घायल महिला को मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।

पुलिस की जांच में प्रथमदृष्ट्या मामला प्रेम प्रसंग का सामने आ रहा है। एसएसपी मंजिल सैनी ने कहा कि हाईवे पर एक दुल्हन की गोली मारकर हत्या कर दी। लूटपाट भी की गई है। घटना के खुलासे में क्राइम ब्रांच और दौराला थाना पुलिस को लगाया गया है।

विदाई के वक्त से ही लगे पीछे, टोल पर कर रहे थे इंतजार
दौराला थानाक्षेत्र के हाईवे पर स्थित मटौर गांव के पास शुक्रवार की देर रात हुई वारदात ने मेरठ पुलिस की कानून व्यवस्था के दावों को ध्वस्त कर दिया। हालांकि पुलिस ने इस वारदात को लेकर कई पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। बदमाशों ने मोदीनगर में दुल्हन की कार को ओवरटेक किया और टोल प्लाजा से निकलकर दुल्हन की कार का इंतजार करने लगे। जैसे ही कार आई तो वारदात को अंजाम दिया।

दुल्हन के परिवार के जानकार तो नहीं पुलिस की जांच में यह भी सामने आ रहा है कि आरोपित दुल्हन के परिवार के जानकार हो सकते हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को पता था कि दुल्हन इसी रास्ते से मुजफ्फरनगर जाएगी। इसलिए उन्होंने पहले ही ऐसा स्थान चुन लिया था। जहां पर हाईवे सुनसान रहता हो। मटौर गांव के समीप ही हाईवे पर अंधेरा भी रहता है और बदमाशों ने इसी स्थान को चुना।

चिल्लाने पर भी मदद को कोई नहीं आया आगे
दुल्हन के पति शाहवेज ने पुलिस को बताया कि जिस समय उनके साथ लूटपाट हो रही थी। वह खूब चिल्लाए। उन्होंने कई वाहनों को हाथ का इशारा करके रोकने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया। यदि किसी भी वाहन चालक ने हिम्मत दिखाई होती तो शायद आरोपितों को पकड़ा जा सकता था।

मेडिकल कॉलेज पर देर रात तक हंगामा
वारदात की सूचना मिलने के बाद मंसूरपुर मेडिकल कॉलेज पर शाहवेज के परिजन भी पहुंच गए। उन्होंने वहां पर हंगामा कर दिया। मेरठ पुलिस को खूब खरी-खरी सुनाई। इसलिए बाद में मुजफ्फरनगर के एसपी सिटी भी मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज पर पहुंचे। मंसूरपुर थाना पुलिस को भी बुलाया गया। देर रात करीब सवा बजे लोगों को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।

देर रात नाहल गांव में दी दबिश
दौराला थाना पुलिस को वारदात होने के तुरंत बाद ही एसएसपी मंजिल सैनी ने नाहल गांव में निकाल दिया था। वहीं, हत्या के तार मुजफ्फरनगर से भी जुड़े हो सकते हैं। क्योंकि, दुल्हन की मुजफ्फरनगर में भी पुरानी रिश्तेदारी थी और वह शादी से पहले मुजफ्फरनगर में रही थी।

chat bot
आपका साथी