दो महीने से लापता शबनम के स्‍वजनों का खुलासा, उसकी हत्‍या हुई, खेत में मिले इन तीन सुबूतों ने किया इशारा

दो माह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई महिला का बैग हिसावदा के खेत में मिला। थोड़ी देर बाद खेत से हड्डी और बाल भी मिले। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने जांच की। स्वजनों ने महिला की हत्या का आरोप लगाया।

By Taruna TayalEdited By: Publish:Thu, 24 Sep 2020 07:20 PM (IST) Updated:Thu, 24 Sep 2020 07:20 PM (IST)
दो महीने से लापता शबनम के स्‍वजनों का खुलासा, उसकी हत्‍या हुई, खेत में मिले इन तीन सुबूतों ने किया इशारा
दो महीने से लापता शबनम का पर्स खेेत मेें म‍ि‍ला।

बागपत, जेएनएन। दो माह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई महिला का बैग हिसावदा के खेत में मिला। थोड़ी देर बाद खेत से हड्डी और बाल भी मिले। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने जांच की। स्वजनों ने महिला की हत्या का आरोप ससुरालीजनों पर लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

यह है मामला

मेरठ के ग्राम धंजू निवासी आदिल पुत्र रफीक ने बताया कि उसकी बहन शबनम का निकाह वर्ष 2018 में युवक दानिश निवासी ग्राम डौला के साथ हुआ था। निकाह के करीब 4 माह बाद ही ससुरालीजन शबनम को दहेज की खातिर प्रताड़ित करने लगे थे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर मुकदमा दर्ज करा दिया। केस अदालत में विचाराधीन है। बहन शबनम 29 जुलाई 2020 को केस की सुनवाई में बागपत कचहरी आई थी। इसके बाद शबनम वापस घर नही लौटी, उन्होंने उसी रात्रि में सिंघावली अहीर थाने पर शबनम की गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। वह अपनी माता के साथ गुरुवार को बागपत से वापस अपने गांव जा रहा था। पानी पीने के लिए हिसावदा गांव के किसान हरि भगवान की ट्यूबवैल पर रुककर वहां पर अपनी बहन के गायब होने का जिक्र किया, तो किसान ने अपने खेत में किसी महिला का पर्स मिलना बताया। उन्होंने बैग को देखा, तो उसके अंदर से शबनम के कुछ कागज मिले। मौके पर पहुंची पुलिस ने खेत में छानबीन की, तो वहां से कुछ हड्डियां और बाल भी बरामद हुए। फिर फोरेंसिक एक्सपर्ट से जांच की। आदिल का आरोप है कि उसकी बहन शबनम की ससुराल पक्ष के लोगों ने हत्या की है। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

इन्‍होंने बताया

थाना प्रभारी शिव प्रकाश सिंह का कहना है कि खेत से मिली हड्डी, बाल तथा महिला के स्वजनों का सैंपल लेकर डीएनए टेस्ट के लिए लैब भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी