Black Fungus Meerut News: अब दांत-जबड़े में जख्म करने लगा ब्लैक फंगस,एक नया मरीज भर्ती, कोरोना के सात मामले

मेडिकल कालेज के ब्लैक फंगस वार्ड प्रभारी डा. वीपी सिंह ने बताया कि नए मरीजों की संख्या कम हो गई हैफंगस संक्रमण की जगह बदल रहा है। वार्ड में भर्ती कई मरीजों में फंगस ने जबड़े पर और दांत पर असर छोड़ा है। सावधानी बेहद जरूरी है।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 07:22 AM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 07:22 AM (IST)
Black Fungus Meerut News: अब दांत-जबड़े में जख्म करने लगा ब्लैक फंगस,एक नया मरीज भर्ती, कोरोना के सात मामले
मेरठ में ब्‍लैक फंगस के नए मरीजों में इसके कुछ नए लक्षण मिले हैं।

मेरठ, जेएनएन। कोरोना और ब्‍लैक फंगस को लेकर खतरा पूरी तरह से अभी टला नहीं है। कोरोना के बाद ब्लैक फंगस नई महामारी बनकर उभरी, और जिले में तीन सौ से ज्यादा मरीज मिल गए। लेकिन अब फंगस नाक में साइनस से ऊपर आंख व ब्रेन में नहीं, बल्कि नीचे दांत और जबड़े में जा रहा है। सप्ताहभर के दौरान मिले नए मरीजों में ज्यादातर में यह लक्षण मिला है। वहीं शुक्रवार को शहर में ब्‍लैक फंगस का एक नया मरीज भर्ती किया गया है।  

संक्रमण का स्‍थान बदल रहा फंगस

मेडिकल कालेज के ब्लैक फंगस वार्ड प्रभारी डा. वीपी सिंह ने बताया कि नए मरीजों की संख्या कम हो गई है, लेकिन फंगस संक्रमण की जगह बदल रहा है। वार्ड में भर्ती कई मरीजों में फंगस ने जबड़े पर और दांत पर असर छोड़ा है। आनंद अस्पताल के ईएनटी सर्जन डा. पुनीत भार्गव ने बताया कि अब मरीज दांत व जबड़े में दर्द लेकर आ रहे हैं। कई मरीजों का जबड़ा गल गया। उन्होंने दंत रोग विशेषज्ञ डा. पुनीत कालरा के साथ मिलकर कई मरीजों का आपरेशन व इलाज किया है। नाक और मुंह के अंदर दूरबीन डालकर मरीजों का आपरेशन किया जा रहा है। प्रयास होता है कि जबड़े को कम से कम नुकसान पहुंचे।

कोरोना के सात मरीज मिले, एक की मौत

वहीं दूसरी ओर मेरठ में कोरेाना का आंकड़ा तेजी से गिरा। शुक्रवार को 5503 सैंपलों की जांच की गई, जिसमें सात में वायरस की पुष्टि की गई। 66 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया है। होम आइसोलेशन में 77 मरीज इलाज ले रहे हैं, जबकि 197 एक्टिव मरीज हैं। 60 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया।

ब्लैक फंगस वार्ड में 17 भर्ती

इस बीच मेडिकल कालेज के फंगस वार्ड प्रभारी डा. वीपी सिंह ने बताया कि शुक्रवार को महज एक नया मरीज भर्ती हुआ। अब तक 202 भर्ती हो चुके, जिसमें से 170 ठीक होकर घर चले गए। वर्तमान में 17 भर्ती हैं, जिसमें कई मरीज गंभीर हैं। सीएमओ ने बताया कि जिले में कुल 306 मरीज मिल चुके हैं।

chat bot
आपका साथी