साख बचाने को भाजपा लेगी कड़ा एक्शन

कैंट बोर्ड से लेकर नगर निगम चुनावों तक पार्टी की साख खराब करने वाले भाजपाइयों पर गाज गिरना तकरीबन तय है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 12 Mar 2021 04:10 AM (IST) Updated:Fri, 12 Mar 2021 04:10 AM (IST)
साख बचाने को भाजपा लेगी कड़ा एक्शन
साख बचाने को भाजपा लेगी कड़ा एक्शन

मेरठ,जेएनएन। कैंट बोर्ड से लेकर नगर निगम चुनावों तक पार्टी की साख खराब करने वाले भाजपाइयों पर गाज गिरना तकरीबन तय है। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने डीके शर्मा को जांच अधिकारी बनाकर भेजा है, जिन्होंने लगातार दूसरे दिन पार्टी कार्यालय पर विधायक समेत पार्षदों एवं पदाधिकारियों से बंद कमरे में बातचीत की। दो दिन में रिपोर्ट प्रदेश इकाई को भेज दी जाएगी।

कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष पद को लेकर हुए चुनावों में पार्टी में बगावत हुई थी। नगर निगम में एक सदस्य ने क्रास वोटिंग कर दी, जिसे अब भाजपा ने नाक का सवाल बना दिया है। प्रदेश भाजपा इकाई ने अनुशासनहीनता के दोषियों को सामने लाने के लिए कहा है। इसी कड़ी में पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डीके शर्मा ने बुधवार और गुरुवार को पार्टी पदाधिकारियों से प्रकरण की जानकारी ली। कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष के चुनावों में पार्टी प्रत्याशी रहे विपिन सोढ़ी, निगम में चुनावी कमान संभाल रहे पीयूष शास्त्री समेत कई अन्य ने कार्यालय पहुंचकर अपनी बात रखी। हालांकि कोर कमेटी के कई सदस्य अब तक कार्यालय नहीं पहुंचे हैं। डीके शर्मा ने निगम चुनावों में हुई घात को लेकर कई पहलुओं पर जानकारी जुटाई है। भाजपा के कई चेहरों की ओर शक की सुई घूम रही है। महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल भी कार्रवाई के मूड में हैं, जिन्हें प्रदेश इकाई के निर्देशों का इंतजार है।

प्रवीण बने मंडल संयोजक :बसपा सुप्रिमो ने हसनपुर निवासी प्रवीण वशिष्ठ व बाबू चमनलाल को मेरठ-सहारनपुर मंडल का संयोजक नियुक्त किया है। मंडल संयोजक नियुक्त होने पर बसपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी।

संयुक्त व्यापार मण्डल की कमेटी गठित : रामलीला ग्राउंड में पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल का व्यापारियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। किठौर व्यापार मंडल के अध्यक्ष संदीप शर्मा के तत्वावधान में व्यापार मंडल की एक कमेटी गठित की गई। कमेटी के पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अंकुर गर्ग, माजिद अली,नंदू, राजेश कुमार, धर्मपाल सिंह, अफसर अली, सोनू सैफी, जाने आलम, शाहे आलम, मनीष कौशिक, विकास शर्मा आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी