ट्रैक्टर रैली में बवाल पर भाकियू के नरेश टिकैत का बड़ा बयान, कहा- दिल्ली में मरे किसान को मिले मुआवजा
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत दिल्ली से लौटते हुए बागपत पहुंचे। यहां राष्ट्र वंदना चौक पर कार्यकर्ता इंद्रपाल की दुकान पर भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि दिल्ली में जो हिंसा हुई है वह उसकी निंदा करते है।
बागपत, जेएनएन। मंगलवार को दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा से किसान नेता अपना पल्ला झाड़ने लगे हैं। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत दिल्ली से लौटते हुए बागपत पहुंचे। यहां राष्ट्र वंदना चौक पर कार्यकर्ता इंद्रपाल की दुकान पर भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि दिल्ली में जो हिंसा हुई है, वह उसकी निंदा करते हैं। पुलिस की गोली से जो किसान मरा है, उसे व इस हिंसा में किसानों का जो नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजा दिया जाए।
दिल्ली पुलिस की कमजोरी के कारण किसान लाल किले पर पहुंचे है, जो हिंसा हुई है वो नहीं होनी चाहिए थी कुछ लोग इस आंदोलन को तोड़ना चाहते हैं। किसानों का कोई दोष नहीं है। किसानों को तो दिल्ली का रास्ता भी नहीं पता। कोई किसानों को गुमराह कर रहा है। इसकी सरकार को जांच करनी चाहिए। आंदोलन जारी रहेगा चाहे सरकार किसानों को धरना स्थल से उठा भी दे। इसके बाद नरेश टिकैत मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए। उनके साथ कुछ किसान भी थे, जो हिंसा में घायल हुए थे।