भाकियू ने परतापुर थाने में डेरा डाला, हाईवे किया जाम

कंचनपुर घोपला व जैनपुर गांव में छापेमारी के बाद भारतीय किसान यूनियन में ऊर्जा निगम के खिलाफ आक्रोश है। शनिवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने किसानों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए परतापुर थाने में डेरा डाल दिया। थाना परिसर में धरना देकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 12:09 AM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 12:09 AM (IST)
भाकियू ने परतापुर थाने में डेरा डाला, हाईवे किया जाम
भाकियू ने परतापुर थाने में डेरा डाला, हाईवे किया जाम

मेरठ, जेएनएन। कंचनपुर घोपला व जैनपुर गांव में छापेमारी के बाद भारतीय किसान यूनियन में ऊर्जा निगम के खिलाफ आक्रोश है। शनिवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने किसानों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए परतापुर थाने में डेरा डाल दिया। थाना परिसर में धरना देकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। अफसरों का ढुलमुल रवैया देख थाने के बाहर हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्राली लगाकर जाम लगा दिया। इसके बाद पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता मौके पर पहुंचे और आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों का गुस्सा शांत हुआ।

गुरुवार सुबह ऊर्जा निगम ने कंचनपुर घोपला व जैनपुर गांव में छापेमारी करते हुए बिजली चोरी के संबंध में 44 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। भाकियू नेता विजयपाल घोपला, संजय दौरालिया, मदन घोपला, दीपक घोपला, सुभाष घोपला व सतीश ईलम सिंह आदि शनिवार को कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे और ऊर्जा निगम पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। कहा कि जो किसान कृषि कानूनों के विरोध में व शताब्दीनगर में जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन किसानों को निशाना बनाकर ऊर्जा निगम ने छापेमारी की कार्रवाई की है। पक्षपातपूर्ण कार्रवाई व उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए किसानों ने कहा कि जान-बूझकर उनके खिलाफ बिजली चोरी के मामले दर्ज कर परेशान किया जा रहा है। किसानों ने कहा कि जब तक मुकदमे वापस नहीं होंगे, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। जितेंद्र घोपला, वीरपाल घोपला, पम्मी जंगेठी, हर्ष चौधरी, करन घोपला, मेहराज मलिक, अर्जुन जंगेठी, अनुराग व सुभाष आदि मौजूद रहे।

थाने के बाहर लगाया जाम

धरना शुरू होने के एक घंटे बाद किसानों ने परतापुर थाने के बाहर हाईवे पर वाहनों को रोकते हुए ट्रैक्टर-ट्राली लगाकर जाम लगा दिया। सीओ ब्रह्मापुरी अमित कुमार राय व एसीएम संदीप श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहनों को उद्योगपुरम, गगोल रोड व परतापुर के रास्ते डायवर्ट करा दिया। इस दौरान करीब साढ़े तीन घंटे तक दिल्ली रोड पर वाहन सवारों को परेशानी झेलनी पड़ी।

दस दिन में निस्तारण के आश्वासन पर शांत हुए किसान

विद्युत वितरण मंडल प्रथम ग्रामीण अधीक्षण अभियंता एके सिंह दोपहर करीब दो बजे किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने एसीएम व सीओ की मौजूदगी में किसानों से वार्ता करते हुए कहा कि सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए नियमानुसार जितना राजस्व बैठेगा, उसे जमा कराने के बाद ही मुकदमें वापस किए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी