मुजफ्फरनगर में बीडीसी कर रहा पत्रकार वार्ता, पत्नी बोली पति का हुआ अपहरण, भाजपाइयों पर लगाए आरोप
मुजफ्फरनगर में बघरा ब्लाक के ढिढावली गांव निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य धर्मेंद्र के घर नहीं लौटने पर मंगलवार को भाकियू रालोद व कांग्रेस की प्राथमिक विद्यालय तितावी में पंचायत हुई। धर्मेंद्र की पत्नी ने पंचायत में कहा कि उनके पति का भाजपा ने अपहरण किया है।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। बीडीसी सदस्य धर्मेंद्र के घर वापस नहीं आने पर विपक्षी दलों ने भाजपाइयों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए पंचायत की। बीडीसी की पत्नी ने कहा कि यदि उनके पति घर नहीं आए तो थाने में अपने ऊपर तेल छिड़ककर जान दे दूंगी। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। इस सरकार में किसानों का उत्पीडऩ चरम पर है। उधर, बीडीसी धर्मेंद्र ने दोपहर में मुजफ्फरनगर के एक रेस्टोरेंट में भाजपा जिला अध्यक्ष के साथ पे्रसवार्ता कर स्वयं को सुरक्षित बताया है।
बघरा ब्लाक के ढिढावली गांव निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य धर्मेंद्र के घर नहीं लौटने पर मंगलवार को भाकियू, रालोद व कांग्रेस की प्राथमिक विद्यालय तितावी में पंचायत हुई। लोगों ने मुख्य मार्ग पर जाम भी लगाया। धर्मेंद्र की पत्नी ने पंचायत में कहा कि उनके पति का भाजपा ने अपहरण किया है। इंटरनेट पर वायरल वीडियो व पत्रकार वार्ता में उनके पति दबाव में बोल रहे हैं। यदि भाजपाइयों ने उनका अपहरण नहीं किया तो घर भेज दें। आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन भी दबाव में है। आरोप लगाया कि भाजपा प्रमुख पद के प्रत्याशी गौरव पंवार व अन्य ने उनके पति का अपहरण किया है।
भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि भाजपा गुंडागर्दी के बल पर चुनाव जीतना चाहती हैं। बिजली, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। किसानों की सुनवाई नहीं हो रही है। धर्मेंद्र की पत्नी ने पति के अपहरण का आरोप लगाया है, लेकिन अभी तक पुलिस चुप है। पुलिस ने एक दिन पूर्व पति-पत्नी को मिलवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक मिलवाया नहीं गया। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुप नहीं बैठेगा। यदि अपहृत को घर पर नहीं छोड़ा गया तो उग्र आंदोलन होगा। देर रात तक धरना जारी रहा।
पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक, पूर्व मंत्री योगराज ङ्क्षसह, सपा नेता मुकेश चौधरी, रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा, भाकियू जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान, सुधीर भारतीय ने भी भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। अध्यक्षता फिरोजुद्दीन चौधरी ने की व संचालन राजकिशोर शर्मा ने किया।
मेरे अपहरण की खबर कोरी अफवाह: धर्मेंद्र
मुजफ्फरनगर के महावीर चौक स्थित एक रेस्टोरेंट में भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला के साथ बीसीसी सदस्य धर्मेंद्र ने प्रेसवार्ता की। धर्मेंद्र ने कहा कि कुछ लोग उनके अपहरण की अफवाह उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने मामा के घर जौहली में रह रहे हैं। इस दौरान उन्होंने विपक्षी पार्टी के नेताओं पर आरोप लगाए कि उनकी पत्नी और मां पर दबाव बना रहे हैं कि वह उनके समर्थन में रहें।