बहसूमा नगर पंचायत बनी आदर्श, मिलेगी सुविधा

प्रदेश के 11 जनपदों में एक-एक आदर्श नगर पंचायत का चयन किया गया है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 22 Mar 2021 11:45 PM (IST) Updated:Mon, 22 Mar 2021 11:45 PM (IST)
बहसूमा नगर पंचायत बनी आदर्श, मिलेगी सुविधा
बहसूमा नगर पंचायत बनी आदर्श, मिलेगी सुविधा

मेरठ, जेएनएन। प्रदेश के 11 जनपदों में एक-एक आदर्श नगर पंचायत का चयन किया गया है। इनमें मेरठ की बहसूमा नगर पंचायत भी शामिल है। आमदनी बढ़ाने के प्रयास तथा शत प्रतिशत भवनों पर हाउस टैक्स लगाने वाली नगर पंचायतों को यह सम्मान मिला है। इन चयनित नगर पंचायतों को आबादी के आधार पर 2 से 4 करोड़ रुपया आवंटित किया जाएगा। इससे नगर में अवस्थापना सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

आय के साधनों को विकसित करने तथा हाउस टैक्स व अन्य कार्यो में अच्छा प्रदर्शन करने वाली नगर पंचायतों को प्रदेश सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के तहत चयनित कर वहां सुविधाएं उपलब्ध कराती है। इसके लिए मेरठ समेत प्रदेश के 11 जनपदों के जिला प्रशासन के माध्यम से प्रस्ताव मांगे गए थे। शासन से विशेष सचिव डा. इंद्रमणि त्रिपाठी ने हाल ही में 11 जनपदों की चयनित आदर्श नगर पंचायतों के नाम की सूची उपलब्ध कराई है, जिसमें मेरठ की नगर पंचायत बहसूमा का नाम शामिल है। चयनित नगर पंचायतों में अवस्थापना सुविधाएं विकसित कराने के लिए सरकार आबादी के मुताबिक 2 से लेकर 4 करोड़ रुपया तक प्रदान करती है। इसके लिए शासन ने जल्द से जल्द कार्ययोजना तैयार करउपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

2011 की आबादी के

मुताबिक मिलेगी राशि

प्रदेश सरकार की यह योजना वर्ष 2017-18 से लागू है। जिसके तहत दी जाने वाली राशि नगर की वर्ष 2011 की जनसंख्या के मुताबिक निर्धारित की जाएगी। उस समय 10 हजार तक जनसंख्या वाली नगर पंचायत को 2 करोड़, 10 से 20 हजार जनसंख्या वाली नगर पंचायत को 3 करोड़ तथा 20 से 50 हजार तक आबादी वाली नगर पंचायत को 4 करोड़ रुपया दो किश्तों में प्रदान किया जाएगा।

---

बनेंगी सड़कें व नालियां, मिलेंगी सुविधाएं

योजना के तहत नगर में सड़क-नाली निर्माण, सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट व अन्य आवश्यक जनसुविधाओं का विकास कराया जाएगा। बहसूमा नगर पंचायत में जल्द इस राशि से काम होगा।

------

आदर्श नगर पंचायत योजना में चयनित बहसूमा नगर पंचायत के लिए कार्ययोजना तैयार कराई जा रही है। एडीएम प्रशासन के दिशा निर्देशन में यह कार्य कराया जा रहा है। जल्द कार्ययोजना शासन को उपलब्ध करा दी जाएगी।

के. बालाजी, जिलाधिकारी

chat bot
आपका साथी