अनामिका सहारनपुर में भी कर रही थी नौकरी, कासगंज में गिरफ्तारी के बाद खुल रहे राज

25 जिलों में नौकरी करने वाली अनामिका शुक्‍ला के तार सहारनपुर से भी जुडे हुए है। इस संबंध में अध्‍यापिका के खिलाफ तहरीर दी गई है। किसी बडे घोटाले की आशंका है।

By Prem BhattEdited By: Publish:Sat, 06 Jun 2020 08:23 PM (IST) Updated:Sun, 07 Jun 2020 07:51 AM (IST)
अनामिका सहारनपुर में भी कर रही थी नौकरी, कासगंज में गिरफ्तारी के बाद खुल रहे राज
अनामिका सहारनपुर में भी कर रही थी नौकरी, कासगंज में गिरफ्तारी के बाद खुल रहे राज

सहारनपुर, जेएनएन। 25 जिलों में नौकरी करने वाली अनामिका शुक्‍ला कासगंज से गिरफ्तार हुई है। इस दौरान अब कई राज खुल रहे हैं। प्रदेश के कई कस्तूरबा आवासीय विद्यालयों में एक ही नाम से अध्यापिका की नियुक्ति प्रकरण के तार सहारनपुर से भी जुड़ गए हैं। यहां कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में भी अनामिका शुक्ला विज्ञान अध्यापिका के पद पर नौकरी कर रही थी। आरोप है कि कूटरचित अभिलेखों के आधार पर नौकरी हासिल कर मानदेय भी ले लिया। अध्यापिका के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।

पहले पांच जिलों में नौकरी का आया था मामला

निदेशक राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा अभियान लखनऊ के 11 मार्च एवं सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) सहारनपुर के 17 मार्च के पत्र में बताया गया था कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, मुजफ्फराबाद में पूर्णकालिक विज्ञान अध्यापिका के पद पर अनामिका शुक्ला पुत्री सुभाष चंद शुक्ला को शैक्षिक अभिलेखों के आधार पर पांच जिलों में कार्यरत होना पाया गया है।

वाट्सएप नंबर पर अपना त्याग-पत्र भेजा

बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह के आदेश पर जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) आदित्य शर्मा ने अध्यापिका अनामिका शुक्ला पुत्री सुभाष चंद निवासी गांव हसनपुर पोस्ट हुमायूंपुर थाना भौंगाव (मैनपुरी) के खिलाफ थाना जनकपुरी में तहरीर दी। इसमें कहा है कि 17 मार्च व चार जून के आदेश के क्रम में अध्यापिका को सभी मूल अभिलेखों/पहचान पत्र के साथ कार्यालय में सुनवाई हेतु दो बार बुलाया गया। अध्यापिका ने इन निर्देशों की अवहेलना करते हुए गत पांच जून-2020 को स्कूल वार्डन के वाट्सएप नंबर पर अपना त्याग-पत्र भेज दिया।

थाना प्रभारी अभिषेक सिरोही ने बताया कि बीएसए कार्यालय से फोन आया था, लेकिन अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।  

chat bot
आपका साथी