Ambulance Strike: एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल के चलते वेस्‍ट यूपी के मरीजों को भी उठानी पड़ीं मुश्किलें

वेस्‍ट यूपी में भी एंबुलेंस कर्मचारी संघ के तत्वावधान में एंबुलेंस कर्मचारी सुबह दस बजे एंबुलेंस खड़ी कर हड़ताल पर चले गए। एंबुलेंस सेवा ठप होने से गभवर्ती व मरीजों को अस्पताल पहुंचने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 05:45 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 05:45 PM (IST)
Ambulance Strike: एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल के चलते वेस्‍ट यूपी के मरीजों को भी उठानी पड़ीं मुश्किलें
एंबुलेंस कर्मचारी संघ की हड़ताल का असर वेस्‍ट यूपी के जिलों में दिखा।

मेरठ, जेएनएन। Ambulance Strike वेस्‍ट यूपी के भी कई जिलों में सोमवार को सरकारी एंबुलेंस की सेवाएं प्रभावित रहीं। प्रदेश में 250 एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम (एएलएस) की एंबुलेंस चला रहे कर्मचारियों को नई कंपनी द्वारा कम वेतन दिए जाने और ट्रेनिंग के नाम पर 20 हजार रुपए लिए जाने के कारण करीब एक हजार कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। सोमवार को 108 व 102 एंबुलेंस सेवा के भी कर्मचारी इनके पक्ष में उतर आए और कार्य बंद कर दिया।

कर्मचारियों की हड़ताल से ठप हुई एंबुलेंस सेवा

बुलंदशहर : एंबुलेंस कर्मचारी संघ के तत्वावधान में एंबुलेंस कर्मचारी सुबह दस बजे एंबुलेंस खड़ी कर हड़ताल पर चले गए। एंबुलेंस सेवा ठप होने से गभवर्ती व मरीजों को अस्पताल पहुंचने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिले में एंबुलेंस सेवा ठप होने से किसी मरीज की मौत होने की सूचना नहीं है। कर्मचारी ठेका प्रथा खत्म करने व कोरोना में शहीद हुए कर्मियों को 50 लाख रुपये की सहायता समेत छह मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों की हड़ताल सात घंटे जारी रही। मांगे पूरी नहीं होने तक कर्मचारियों ने हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी है।

मरीजों को आई परेशानी

मुजफ्फरनगर: एएलएस एंबुलेंस संचालन का कांटेक्ट जीवीके से लेकर अन्य कंपनी को दिये जाने का विरोध करते हुए जिले के 250 से अधिक एंबुलेंस चालक तथा परिचालकों ने सोमवार को हड़ताल रखी। 102 तथा 108 के लिए काल किये जाने पर भी अधिकतर एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। जिनसे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिले में 102 की 24, 108 की 33 तथा तीन एएलएस एंबुलेंस संचालित होती हैं।

निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचे मरीज

बागपत: सोमवार को पांच सूत्रीय मांगों को लेकर 102, 108, एएलएक्स एंबुलेंस के कर्मचारियों की अनिश्चित हड़ताल रही। इससे गर्भवती और प्रसूता महिलाओं को परेशानी हुई है। मरीज निजी वाहनों से अस्पताल और घर पहुंचे। हालांकि अभी तक एंबुलेस की हड़ताल के कारण किसी मरीज की मौत की सूचना नहीं है। इमरजेंसी के लिए तीनों तहसीलों में तीन एंबुलेंस काम करेगी।

कर्मचारियों की सेवा की समाप्‍त

बिजनौर: एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस (एएलएस) में कार्यरत कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने के विरोध में सोमवार को 102, 108 एवं एएलएस कर्मियों ने हड़ताल कर दी। हड़ताल से रोगियों एवं तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पिछले कई वर्षों से जीवीआर एमआरआइ कंपनी के पास एंबुलेंस पर कर्मचारी तैनात करने का ठेका था, जो अब दिगित्सा हेल्थ केयर के पास आ गया है। नई कम्पनी ने तीनों एएलएस पर तैनात 12 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इस पर 102, 108 एंबुलेंस चालकों ने हड़ताल कर दी है। एंबुलेंस स्टाफ के कोआर्डिनेटर मनोज सावंत का कहना है कि 67 में से 53 एंबुलेंस स्टाफ ने हड़ताल की है, शेष 14 एंबुलेंस चल रही हैं।

एंबुलेंस कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

शामली: छह सूत्रीय मांगों को लेकर एंबुलेंस कर्मचारियों ने रविवार रात 12 बजे से हड़ताल शुरू कर दी है। जिला संयुक्त अस्पताल में सभी एंबुलेंस खड़ी कर प्रदर्शन भी किया। तीन एंबुलेंस को अति आवश्यक सेवा के लिए हड़ताल से बाहर रखा गया है।, लेकिन मरीजों को दिक्कत रहीं। सीएचसी शामली में लिवर की बीमारी से ग्रस्त मरीज राजेश दर्द से तड़पते रहे, लेकिन एम्स दिल्ली ले जाने को एंबुलेंस नहीं मिली। ऐसे में स्वजन उन्हें घर लेकर चले गए।

chat bot
आपका साथी