शराब और सट्टे की लत ने कर दिया बर्बाद

मामूली विवाद में शनिवार रात गोली मारकर पिता की हत्या के आरोपित को रविवार को जेल भेज दिया गया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 08 Mar 2021 10:00 AM (IST) Updated:Mon, 08 Mar 2021 10:00 AM (IST)
शराब और सट्टे की लत ने कर दिया बर्बाद
शराब और सट्टे की लत ने कर दिया बर्बाद

मेरठ, जेएनएन। मामूली विवाद में शनिवार रात गोली मारकर पिता की हत्या के आरोपित को रविवार को जेल भेज दिया गया। उसके खिलाफ छोटे भाई ने पिता की हत्या और थाना प्रभारी ने पुलिस पर गोली चलाने का मुकदमा दर्ज कराया है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि शराब पीने और खर्च के लिए रुपये मांगने को लेकर विवाद हुआ था। वहीं, रविवार शाम को सर्राफ का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

ब्रह्मापुरी थाना क्षेत्र में शास्त्री की कोठी के पास विनोद वर्मा स्वजन संग रहते थे। उनकी शहर सराफा में विनोद कुमार एंड संस के नाम से दुकान है। दुकान पर बड़ा बेटा किशन साथ बैठता है, वहीं छोटे बेटे राजीव और गोविद अलग काम करते हैं। शनिवार रात किशन शराब पीकर घर आया था। इस बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया। दोनों में कहासुनी हो रही थी। किशन से लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल ली। इस पर विवाहिता दौड़कर कमरे में घुस गई। फिर भी किशन ने गोली चला दी। आवाज सुनकर पिता विनोद पहुंचे और उसे पकड़ने का प्रयास किया। नशे में धुत आरोपित ने उन्हें गोली मार दी। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से उसे पकड़ा था। रविवार को मेडिकल कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी सुभाष अत्री ने बताया कि आरोपित ने पहली गोली पत्नी पर चलाई थी। इसके बाद पिता पर चलाई। बाद में दो गोली और चलाई थीं। छोटे भाई गोविद ने पिता की हत्या और उन्होंने पुलिस पर गोली चलाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दोपहर को शव का पोस्टमार्टम हुआ, जिसके बाद शाम को स्वजन ने अंतिम संस्कार कर दिया।

पांच माह पहले ही आया था नशा मुक्ति केंद्र से

पुलिस ने बताया कि आरोपित शराब पीने का आदी है। स्वजन भी उसकी इस लत से परेशान थे। पांच माह पूर्व उसे परतापुर क्षेत्र के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। नवंबर की शुरुआत में ही वह छूटा था। हालांकि तब से उसने शराब नहीं पी थी। शनिवार की रात वह शराब पीकर आया, जिसके बाद उसका विवाद हो गया था। नशे में ही उसने वारदात की।

सट्टे के चलते हुआ कर्जदार

आरोपित किशन ने बताया कि वह आनलाइन सट्टा लगाता है। पिछले दिनों आइपीएल पर भी उसने सट्टा लगाया था। करीब दो लाख रुपये का वह कर्जदार हो गया। लोग उस पर तकादा कर रहे थे, जिससे वह तनाव में चल रहा था। इसलिए शनिवार को शराब पी थी। करीब पांच साल से वह सट्टा खेल रहा है। इसकी लत के चलते ही वह बर्बाद हो गया। वहीं, चर्चा तो यह भी थी कि आरोपित कई साल पहले एमसीएक्स में भी एक करोड़ रुपये गंवा चुका है।

एक पैर खराब, हाथ भी कांपते हैं

स्वजन ने बताया कि कुछ समय पहले स्वजन वैष्णो देवी गए थे। वहां पर किशन की तबीयत खराब हो गई थी। जब तक घर पहुंचे तो आधे शरीर में पैरालाइसिस हो गया था। उसका इलाज चल रहा था। हालांकि तभी से पैर में दिक्कत आ गई थी। सही से चल भी नहीं पा रहा था। शराब अधिक पीने से हाथ भी कांपने लगे थे। उसे अक्सर दौरा भी पड़ता था।

तीन साल से पिता ही उठा रहे थे खर्चा

पुलिस ने बताया कि आरोपित का करीब तीन साल से काम ठप चल रहा था। पिता ही उसका खर्चा उठा रहे थे। अब वह और रुपयों की मांग कर रहा था, जिसके चलते ही उसका विवाद चल रहा था। पहले भी कई बार घर में कहासुनी हुई थी। वहीं, थाना प्रभारी ने बताया कि लाइसेंस आरोपित के नाम है। उसके निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी जा रही है।

सीओ और इंस्पेक्टर को मिलेगा प्रशस्ति पत्र

एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि आरोपित को पकड़ने में पुलिस ने काफी मशक्कत की। वह हथियार लेकर गोली चला रहा था। ड्रोन और सेल्फी स्टिक का भी सहारा लिया था। जान जोखिम में डालकर सीओ अमित कुमार राय और थाना प्रभारी सुभाष अत्री के साथ ही उनकी टीम ने आरोपित को पकड़ा है। इसलिए सभी को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी