महाअभियान में 67750 ने लगवाया कोरोनारोधी टीका

जिले में जनवरी से शुरू हुए कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान में सोमवार को अब तक का सबस

By JagranEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 10:45 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 10:45 PM (IST)
महाअभियान में 67750 ने लगवाया कोरोनारोधी टीका
महाअभियान में 67750 ने लगवाया कोरोनारोधी टीका

मेरठ,जेएनएन। जिले में जनवरी से शुरू हुए कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान में सोमवार को अब तक का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चला, जिसमें एक लाख 20 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया। अभियान में अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग ने पूरी क्षमता के साथ करीब 224 केंद्रों पर टीकाकरण किया। इसमें कुल 67750 लोगों ने टीका लगवाया। कई केंद्रों पर लक्ष्य से अधिक टीकाकरण हुआ। ऐसे में केंद्रों पर अतिरिक्त डोज भी पहुंचानी पड़ी। कुछ जगह लोगों के बीच छिटपुट नोकझोंक भी हुई, जिसे केंद्रों पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने ही संभाला।

सोमवार को चले मेगा टीकाकरण अभियान में टीका लगवाने के लिए लोग अलग ही जोश व उत्साह में नजर आए। कई स्थानों पर टीकाकरण बूथ भी लोगों के स्वागत में रंग-बिरंगी रंगोली व लड़ियों आदि से अलग ही स्वरूप में दिखे। वहीं, बूथ के अंदर का माहौल वैक्सीन लगवाने आए लोगों के उत्साह से गुलजार रहा। युवा, बुजुर्ग व महिलाएं सभी अपने रोजमर्रा के कामों को छोड़ प्राथमिकता से टीका लगवाने आए थे। केंद्रों पर भी टीकाकरण में लगे स्वास्थ्यकर्मी पूरे जोश के साथ टीकाकरण में जुटे नजर आए। जिन केंद्रों पर लक्ष्य अधिक था, वहां अधिक भीड़ न जुटने पाए इसके लिए अलग-अलग डेस्क बनाकर टीकाकरण हुआ।

दो घंटे में पूरे दिन के टीकाकरण से अधिक टीके लगे

सोमवार को मेगा टीकाकरण के दौरान कोविन पोर्टल पर मेरठ जनपद का टीकाकरण ग्राफ सुबह और टीकाकरण के अंतिम समय पर तेजी से बढ़ा। पोर्टल पर सुबह 11 बजे तक 217 लोगों को, 12 बजे तक 13720 और एक बजे तक करीब 21000 और दो बजे तक 32858, तीन बजे तक 42411 को टीका लगाया जा चुका था। चार बजे के बाद तक 67750 तक टीका लगाया जा चुका था। जिससे साफ है कि सुबह 11 व 12 बजे के बीच और तीन व चार बजे के बीच में काफी संख्या में लोगों को टीका लगा।

आज 57200 को टीका लगाने का लक्ष्य: जिले में मंगलवार को चलने वाले कोरोना टीकाकरण अभियान में 57200 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. प्रवीण गौतम ने बताया कि इसके लिए कुल 101 केंद्रों के तहत टीकाकरण होगा। जिसमें 81 केंद्रों पर कोविशील्ड की 50200 डोज व शेष केंद्रों पर कोवैक्सीन की सात हजार डोज लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

chat bot
आपका साथी