सुभासपा व सपा की राजनैतिक दोस्ती का मंच तैयार

जागरण संवाददाता थलईपुर (मऊ) सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के 19वें स्थापना दिवस पर बुधवार

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 09:20 PM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 09:20 PM (IST)
सुभासपा व सपा की राजनैतिक दोस्ती का मंच तैयार
सुभासपा व सपा की राजनैतिक दोस्ती का मंच तैयार

जागरण संवाददाता, थलईपुर (मऊ) : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के 19वें स्थापना दिवस पर बुधवार को रतनपुरा ब्लाक का हलधरपुर (ढ़ोलवन) सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) और समाजवादी पार्टी की मित्रता का गवाह बनेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 के किनारे स्थित मैदान में आयोजित जनसभा की तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। इस सभा को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे।

आयोजन को सफल बनाने के लिए सपा व सुभासपा के कार्यकर्ताओं का उत्साह सातवें आसमान पर है। मंगलवार को पूरे दिन तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के स्वागत की जोरदार तैयारियां की गई हैं। वे यहां से आगामी विधानसभा चुनाव में नए गठजोड़ के पैगाम देंगे।

आयोजन स्थल पर स्वयं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर जनसभा की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को लगातार उत्साहित कर रहे हैं। महापंचायत की तैयारियों के बाबत ओमप्रकाश ने बताया कि रैली में लगभग एक लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। यहां दो हेलीपैडों का निर्माण होगा। लोगों के बैठने के लिए लगभग 35 हजार से भी अधिक कुर्सियां लगाई जाएंगी। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लोगों को लाने के लिए लगभग 13 हजार गाड़ियों की बुकिग की गई है।

आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व सुभासपा मुखिया ओमप्रकाश राजभर और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की राजनैतिक मित्रता का यह जनसभा साक्षी बनेगी। लोगों के बीच चर्चा का विषय है कि विधानसभा चुनाव के पूर्व सुभासपा की भागीदारी संकल्प मोर्चा एवं समाजवादी पार्टी की दोस्ती का आगाज नया गुल खिलाएगी।

chat bot
आपका साथी