डेढ़ मीटर बढ़ा पानी, अवराडांड में लाल निशान पार पहुंची सरयू

जागरण संवाददाता मऊ नेपाल से विभिन्न बैराजों द्वारा एक ही दिन दो बार में सात लाख क्यूसेक पानी

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 08:41 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 08:41 PM (IST)
डेढ़ मीटर बढ़ा पानी, अवराडांड में लाल निशान पार पहुंची सरयू
डेढ़ मीटर बढ़ा पानी, अवराडांड में लाल निशान पार पहुंची सरयू

जागरण संवाददाता, मऊ : नेपाल से विभिन्न बैराजों द्वारा एक ही दिन दो बार में सात लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद गुरुवार को सरयू नदी में एकाएक डेढ़ मीटर का जबरदस्त उफान आया। सुबह आठ बजे दोहरीघाट के गौरीशंकर घाट पर लाल निशान 69.00 मीटर के सापेक्ष नदी 60 सेंटीमीटर नीचे बह रही थी। वहीं शाम चार बजे 40 सेंटीमीटर नीचे रही। पांच सेंटीमीटर प्रतिघंटा की दर से जलस्तर में बढ़ोत्तरी हो रही है। देर रात तक यहां नदी के लाल निशान पार कर जाने की आशंका है। वहीं अवराडांड में नदी लाल निशान पार कर चुकी है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती इलाकों में तथा रिग बंधे पर अलर्ट घोषित कर दिया गया है। मुक्तिधाम पर नदी ने कटान शुरू कर दिया है। सैकड़ों मजदूरों के साथ सिचाई विभाग के अधिकारियों ने नदी किनारे डेरा डाल दिया है।

दोहरीघाट संवाददाता के अनुसार अवराडांड डुहिया नाला पर नदी लाल निशान 70:40 के सापेक्ष 10 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के चलते गौरीशंकर घाट पर जमी सिल्ट तेज बहाव में कटकर बह गई। श्मशान घाट की सीढि़यों के पास लहरें बैकरोलिग कर रही हैं। इससे सिचाई विभाग के हाथ-पांव फू ल गए हैं। आनन-फानन सिचाई विभाग कटान रोकने के लिए बोरियों में बालू भरकर कटान के मुहाने पर लगा रहा है तथा मुक्तिधाम पर स्थित भारत माता मंदिर, सरस्वती माता मंदिर के पास नदी की बैकरोलिंग होने से नीचे कटान शुरू हो गई है। जहां बोरियों में बालू भरकर कटान के मुहाने पर लगाया जा रहा है। नदी बैकरोलिग कर नीचे से जमीन को काटकर गहरी करती जा रही है। इससे इस घाट पर स्नान करना खतरे से खाली नही हैं। इधर, अधिकारियों की मानें तो नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका है। इधर, चिऊटीडांड से लेकर रसूलपुर, सूरजपुर तक करीब बंधे के नीचे किसानों की हजारों एकड़ फसलें नदी की तेज धारा में बह गई हैं।

सभी रेग्युलेटर बंद, बाढ़ चौकी पर एई-जेई रहेंगे 24 घंटे तैनात

दोहरीघाट : बढ़ते जलस्तर को देखते हुए चिऊटीडांड से लेकर रामपुर धनौली रिग बंधों व बीबीपुर-बेलौली रिग बंधे पर लगे सभी रेग्युलेटरों को बंद कर दिया गया है। अधिशासी अभियंता सिचाई विभाग विरेंद्र पासवान ने बताया कि रेग्युलेटरों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। हर रेग्युलेटरों पर एक जेई समेत बेलदारों की तैनाती की गई है। इस समय नदी का खतरा तो है ही उससे ज्यादा मछली मारने वालों को सतर्क रहने को कहा गया है। बंधों पर अलर्ट घोषित कर दिया गया है। आवश्यकतानुसार पुलिस प्रशासन की भी सहायता ली जा सकती है क्योंकि नदी का वेग इतना तेज है कि कहीं भी कटान हो सकती है। अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड आजमगढ़ दिलीप कुमार ने बताया कि अवराडांड, नवली, नई बाजार, धनौली के समीप लगे रेग्युलेटर को बंद कर निगरानी बढ़ा दी गई है। अभी जलस्तर और बढ़ने की संभावना है।

हाहानाला पर एक मीटर बढ़ा जलस्तर

मधुबन : तहसील क्षेत्र के देवारा में एक बार फिर बाढ़ की आशंका सताने लगी है। गुरुवार को चार बजे तक हाहानाला पर सरयू नदी के जलस्तर में एक मीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। देवारा से होकर गुजरने वाली सरयू नदी के जलस्तर में पूर्व में कमी होने के बाद बाढ़ का खतरा टल गया था। नदी के बीच में रेत नजर आने लगा था। वहीं बिदटोलिया में कटान भी बंद हो गई थी। लेकिन इधर बेमौसम बारिश होने के बाद पहाड़ी इलाकों में पानी बढ़ने के बाद प्रदेश की नदियों का भी जलस्तर बढ़ने लगा है। इसी बीच नेपाल द्वारा सरयू नदी में सात लाख क्यूसेक पानी छोड़ने के बाद अचानक तेजी के साथ सरयू नदी के जलस्तर में वृद्धि होना शुरु हो गया है। हाहानाला पर एक मीटर जलस्तर बढ़कर 64.90 मीटर पर पहुंच गया है। हालांकि खतरा के निशान 66.31 मीटर से जलस्तर अभी 1.41 मीटर नीचे है।

chat bot
आपका साथी