छह दिन बाद खिली धूप, चहके लोगों के चेहरे

जागरण संवाददाता मऊ छह दिनों से कड़ाके की ठंड व गलन से जूझ रहे लोगों को रविवार क

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 06:13 PM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 06:13 PM (IST)
छह दिन बाद खिली धूप, चहके लोगों के चेहरे
छह दिन बाद खिली धूप, चहके लोगों के चेहरे

जागरण संवाददाता, मऊ : छह दिनों से कड़ाके की ठंड व गलन से जूझ रहे लोगों को रविवार को कुछ राहत तब मिली जब सूर्यदेव का दर्शन हुआ। धूप से लोगों के चेहरे खिल उठे। लोग धूप में आनंद लेते देखे गए। पशु-पक्षियों को राहत मिली, लेकिन शाम होते ही गलन की वजह से लोग ठिठुरने लगे। जगह-जगह जलाए गए अलाव से लोग चिपके रहे। नगर पालिका की तरफ से जलाए गए अलाव भीषण ठंड में नाकाफी साबित हो रहे है।

शनिवार को न्यूनतम पारा 08 व अधिकतम पारा 17 डिग्री पर था। रविवार को न्यूनतम पारा 09 व अधिकतम पारा 19 डिग्री सेंटीग्रेड पर आ गया। सुबह नौ बजे के बाद सूर्यदेव का लोगों को दर्शन हुआ तो लोग घरों से बाहर निकल आए। कई दिनों से घरों में सूखने की बाट जोह रहे कपड़े भी बाहर निकल गए। छत पर महिलाएं व पुरुष धूप का आनंद लेते देखे गए।

पिछले मंगलवार से अचानक मौसम का रूख बदला और सर्दी इतनी बढ़ी कि आम जन परेशान हो उठा। इसके बाद से मौसम कहर बरपाना शुरू कर दिया है। इसकी वजह से लोग घरों से बाहर निकलना मुनासिब नहीं समझ रहे हैं। शाम होते ही कोहरे की चादर से आसमान ढक जा रहा है। सुबह आठ बजे तक कोहरा छाया रह रहा है। कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहन भी रेंगते हुए भी चल रहे हैं। कोहरे की वजह से दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ती जा रही है। कोई भी दो पहिया चालक मजबूरी में ही अपने गंतव्य को रवाना हो रहा है। कार्यालयों में भी कर्मचारी लेट जा रहे हैं। कड़ाके की ठंड से लोग घरों में कंपकपाए हुए हैं। दूसरी तरफ सबसे बुरी हाल ठेला चालकों व आटोरिक्शा चालकों की है। वह ठिठुर ठिठुर कर यात्रियों को इधर-उधर पहुंचा रहे हैं। कुछ स्थानों पर यात्री मिल भी नहीं रहे हैं। इसकी वजह से इनके रोजी रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। स्वयंसेवी संस्थाओं की तरफ से अभी तक कंबल भी नहीं वितरण किया जा रहा है। लगातार छह दिनों तक मौसम कहर बरपाने के बाद शनिवार को मौसम ने थोड़ा नरमी बरती और धूप निकली।

chat bot
आपका साथी