अस्पताल की तरह इस्तेमाल के लिए आश्रय स्थल तैयार
शहर के सहादतपुरा ब्रह्मस्थान स्थित आश्रय स्थल को बाहर से आ रहे लोगों को क्वारंटाइन में रखने के लिए पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। आश्रय स्थल में किसी भी अस्पताल से बेहतरीन लगभग 100 लोगों के सोने की व्यवस्था है।
जागरण संवाददाता, मऊ : शहर के सहादतपुरा ब्रह्मस्थान स्थित आश्रय स्थल को बाहर से आ रहे लोगों को क्वारंटाइन में रखने के लिए पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। आश्रय स्थल में किसी भी अस्पताल से बेहतरीन लगभग 100 लोगों के सोने की व्यवस्था है। जिस हालनुमा कमरे में ज्यादा लोगों के सोने की व्यवस्था है, उसमें एक बेड से दूसरे बेड की दूरी लगभग एक मीटर से अधिक रखी गई है।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्र ने बताया कि आश्रय स्थल में बने रसोई घर में ठहरने वाले लोगों को खाने-पीने की दिक्कत न हो, इसकी व्यवस्था कराई गई है। दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आश्रय स्थल की साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। दोनों कर्मचारी एनजीओ के हैं। दोनों को 24 घंटे सैनिटाइजेशन पर ध्यान रखने की कड़ी हिदायत दी गई है। आश्रय स्थल पर तैनात कर्मचारी सुरेंद्र वर्मा और अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि क्वारंटाइन के लिए सोमवार तक किसी को आश्रय स्थल में नहीं रखा गया है। यदि किसी को लाया जाता है तो उसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। आश्रय स्थल में किसी के घुसने से पहले उसके हाथ साबुन से धुलवाए जा रहे हैं। फिलहाल लॉकडाउन के चलते कोई कर्मचारियों एवं अधिकारियों के अलावा कोई नहीं आ रहा है।