किसानों ने पशु आश्रय स्थल पर जड़ा ताला, मार्ग किया जाम

कोपागंज ब्लाक के एकौना पशु आश्रय स्थल से मवेशियों के बाहर निकल कर

By JagranEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 03:26 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 05:30 PM (IST)
किसानों ने पशु आश्रय स्थल पर जड़ा ताला, मार्ग किया जाम
किसानों ने पशु आश्रय स्थल पर जड़ा ताला, मार्ग किया जाम

जागरण संवाददाता, मऊ : कोपागंज ब्लाक के एकौना पशु आश्रय स्थल से मवेशियों के बाहर निकल कर फसलों को रौंदने से रविवार की सुबह दर्जनों किसानों के सब्र का बांध टूट गया और आश्रय स्थल के गेट पर ताला जड़ दिया। इसके बाद मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसानों से चाबी देने और मार्ग से हटाने की कोशिश की लेकिन किसान वहीं पर डटे रहे। दो घंटे बाद वहां ग्राम विकास अधिकारी कृष्ण कुमार पहुंचकर किसानों को आश्वासन दिए कि सोमवार को ब्लाक के अधिकारी बाड़ा को सही कराने के साथ मवेशियों के चारे की व्यवस्था करेंगे। तब जाकर दो घंटे बाद किसान माने और जाम समाप्त किया।

किसानों का कहना है कि पशु आश्रय स्थल दिनोंदिन दुर्दशा का शिकार होता जा रहा है। मवेशियों को यहां न तो भर पेट भोजन मिल रहा है और न ही रहने की कोई व्यवस्था है। इससे मवेशी आएदिन बाड़ा तोडकर तो कभी देखरेख में लगे कर्मियों की लापरवाही से बाहर निकल जा रहे है। झुंड में मवेशी बाहर निकलकर उनकी फसलों चट कर रहे है। मवेशियों के उत्पात और जिम्मेदार लोगों की लापरवाही से आस पास के किसानों ने गन्ने, दलहन और तिलहन की खेती से तौबा कर लिया है। ऐसी हालत में जिनकी निर्भरता पूरी तरह किसानी पर है वह किसान क्या करें। किसानों ने कहा कि हर बार फसल कर बोआई से पहले से आश्रय स्थल को सही कराने के लिए कहा जाता है लेकिन प्रधान सहित किसी पर असर नहीं होता है। कहा कि अब किसान आर-पार के मूड में है या तो ब्लाक अधिकारी यहां की व्यवस्था को सही कराए अन्यथा किसान सभी मवेशियों को ब्लाक के परिसर में भेजने को विवश होंगें।

chat bot
आपका साथी