डांडिया करते सड़कों पर चला रेला, दोपहर तक जाम रहा हाइवे

जागरण संवाददाता मऊ मां की प्रतिमाओं के पीछे-पीछे श्रद्धालुओं का कारवां रेंगता रहा और

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 09:19 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 09:19 PM (IST)
डांडिया करते सड़कों पर चला रेला, दोपहर तक जाम रहा हाइवे
डांडिया करते सड़कों पर चला रेला, दोपहर तक जाम रहा हाइवे

जागरण संवाददाता, मऊ : मां की प्रतिमाओं के पीछे-पीछे श्रद्धालुओं का कारवां रेंगता रहा और गुलाल उड़ते रहे। डांडिया और गरबा की धुनों पर भक्त थिरकते रहे, ढोल-नगाड़ों की ध्वनि के बीच मां के जयकारे गूंजते रहे। शुक्रवार की शाम से चला मां की प्रतिमाओं के विसर्जन का जुलूस शनिवार की सुबह तक तमसा तट पहुंचता रहा। इससे नेशनल हाईवे जाम हो गया। आस्था और उल्लास के बीच भक्तों ने श्रद्धा के साथ मां की प्रतिमाओं को पवित्र तमसा की धारा में प्रवाहित किया। इस दौरान सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था रही। शहर में जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों से पूरे जुलूस पर नजर रखी गई। उधर विसर्जन जुलूस में भक्त गुलाब उड़ाते और भक्ति गीतों पर थिरकते जा रहे थे। उधर, प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था पूरी तरह से सहयोगात्मक रही। मार्ग में जगह-जगह एकत्र शक्ति स्वरूपा महिलाओं के समूह ने प्रतिमाओं की शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा किया। वहीं, तमसा नदी में पानी अधिक होने के चलते नगर पालिका प्रशासन की ओर से प्रतिमा विसर्जन के लिए मल्लाहों और नावों की व्यवस्था की गई थी। पूजा समिति के लोगों की सुरक्षा के लिए उन्हें नदी की गहराई में नहीं जाने दिया गया। नावों पर सवार पुलिस कर्मी पहरा देते रहे।

जागरण संवाददाता, मऊ : जिले भर में जगह-जगह दुर्गापूजा के दौरान स्थापित देवी प्रतिमाओं को शनिवार को विभिन्न नदी तटों पर आस्था एवं श्रद्धा के साथ विसर्जित कर दिया गया।

दोहरीघाट (मऊ): मां दुर्गा की प्रतिमाओं को सरयू नदी में प्रवाहित करने को लेकर रामघाट पर शनिवार की सुबह से ही कतार लग गई। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर उपस्थित थे।

पलिगढ़ (मऊ) : सरायलखंसी थाना क्षेत्र के पलिगढ़ में कई स्थानों पर मां शारदा की रखी मूर्ति हवन-पूजन के बाद विसर्जित कर दी गई।

पूराघाट(मऊ): कुर्थीजाफरपुर में दुर्गा मूर्ति विसर्जन को लेकर सदर एसडीएम एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने दौरा कर पहले घाटों को देखा। नदी में पानी ज्यादा होने के कारण प्रशासन सतर्क हो गया और निर्धारित किए गए स्थान पर प्रतिमाओं के विसर्जन का निर्देश दिया।

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) : कोतवाली क्षेत्र के कुल सात स्थानों पर मां दुर्गा की स्थापित प्रतिमाओं को विधिपूर्वक तमसा नदी में विसर्जित कर दिया गया।

chat bot
आपका साथी