जीवनराम छात्रावास के मैदान में आज से दीपावली मेला

जागरण संवाददाता मऊ पहली बार जिला प्रशासन की तरफ से छोटे व्यापारियों पटरी व रेहड़ी

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 05:47 PM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 05:47 PM (IST)
जीवनराम छात्रावास के मैदान में आज से दीपावली मेला
जीवनराम छात्रावास के मैदान में आज से दीपावली मेला

जागरण संवाददाता, मऊ : पहली बार जिला प्रशासन की तरफ से छोटे व्यापारियों, पटरी व रेहड़ी दुकानदारों के लिए सराहनीय पहल की गई है। अब इन दुकानदारों को दीपावली में दुकान लगाने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा बल्कि शहर के जीवनराम छात्रावास के मैदान को निश्शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। यहां 28 अक्टूबर से 04 नवंबर पर दीपावली मेला लगेगा। यहां दोपहर 12 बजे से देर रात तक लोग जहां खरीदारी करेंगे वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुत्फ भी उठाएंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रस्तुतियों को निखारने का मौका मिलेगा। इसके लिए प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने सारी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए नगर पालिका के ईओ दिनेश कुमार मौर्या को जिम्मेदारी सौंपी है। इसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

जिलाधिकारी के अनुसार गुरुवार को मेले का शुभारंभ होगा। दोपहर एक बजे से स्थानीय छात्रों का सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। 29 अक्टूबर को बलवंत सिंह का कार्यक्रम शाम पांच बजे से आठ बजे तक होगा। 30 अक्टूबर को कवि सम्मेलन होगा।इसके आगे के कार्यक्रम बाद में तय किए जाएंगे। कुल मिलाकर यहां की संस्कृति को उभारना है तथा यहां के लोगों को रोजगार देना है।

दीपावली में लोगों को मिट्टी का दीया सहित पूजन सामग्री का सामान एक जगह मिलेगा। लोगों को इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं होगी। मेले में दीपावली का सामान, घरेलू उत्पाद, ओडीओपी के तहत बनने वाले सामान, सिल्क की साड़ी, मिठाई, जलेबी, खिलौना, सौंदर्य प्रसाधन आदि की दुकानें लगाई जाएगी। इसके बगल में पटाखों की दुकान भी लगेगी। इसके लिए अलग से व्यवस्था की जा रही है।

डीएम ने बताया कि यहां पहले से प्रदर्शनी लगी हुई है। ऐसे में लोगों का रुझान पहले से ही इधर है। ऐसे में यहां छोटे व्यापारियों व दुकानदारों को भीड़ का लाभ मिलेगा।

उन्हें इधर-उधर अपने उत्पाद व सामान को बेचने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। गुरुवार की सुबह से दुकानें लगनी शुरू हो जाएंगी।

chat bot
आपका साथी