कच्चा मकान ढहने से दंपती की मौत

जागरण संवाददाता खुरहट (मऊ) रानीपुर थाना क्षेत्र के धर्मसीपुर ग्राम पंचायत के अनुसूचित बस्ती

By JagranEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 09:45 PM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 09:45 PM (IST)
कच्चा मकान ढहने से दंपती की मौत
कच्चा मकान ढहने से दंपती की मौत

जागरण संवाददाता, खुरहट (मऊ) : रानीपुर थाना क्षेत्र के धर्मसीपुर ग्राम पंचायत के अनुसूचित बस्ती में शुक्रवार को भोर में लगभग चार बजे भीषण बारिश के बीच कच्चा मकान ढह जाने से दंपती की मौत हो गई। गांव निवासी सूर्यनाथ राम (45) पुत्र बन बिहारी व उनकी पत्नी रामताजी देवी (40) प्रतिदिन की भांति खाना खाने के बाद आवासीय मकान से सटे रिहायशी कच्चे मकान में सोए थे। शाम से ही मूसलाधार बारिश हो रही थी। इस बीच भोर में अचानक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया जिसके मलबे में पति-पत्नी दब गए। तेज आवाज सुनकर आस-पास के लोग तत्काल मौके पर पहुंच गए और मलबा हटाने का प्रयास करने लगे। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। सूर्यनाथ तीन भाई थे जिसमें सुभाष व लालजी काफी दिनों से अलग अलग रहते थे। सूर्यनाथ के पास कोई खेती गृहस्थी नहीं है। वह रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। उनका एक पुत्र गोविद राम (25) रोजी-रोटी के लिए कमाने बाहर गया है। उसकी पत्नी प्रीति 20 दिन पूर्व मायके चली गई थी। उसक एक दो वर्ष की पुत्री व दूसरी ने अभी हाल ही में जन्म लिया है। समाचार लिखे जाने तक दंपती के पुत्र व बहू घर नहीं पहुंचे थे। उधर, हादसे की जानकारी पाकर देखते ही देखते मृत दंपती के दरवाजे पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना आशुतोष राय, तहसीलदार मुहम्मदाबाद गोहना, क्षेत्रीय लेखपाल, रानीपुर थानाध्यक्ष व खुरहट पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंच गए थे।

chat bot
आपका साथी