पत्नी से तलाक चाहता था हमलावर इंजीनियर पति

जागरण संवाददाता रतनपुरा (मऊ) पति-पत्नी के रिश्ते विश्वास के रिश्ते होते हैं। ऐसे में इ

By JagranEdited By: Publish:Fri, 27 Nov 2020 06:36 PM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2020 10:37 PM (IST)
पत्नी से तलाक चाहता था हमलावर इंजीनियर पति
पत्नी से तलाक चाहता था हमलावर इंजीनियर पति

जागरण संवाददाता, रतनपुरा (मऊ) : पति-पत्नी के रिश्ते विश्वास के रिश्ते होते हैं। ऐसे में इंजीनियर पति व पत्नी में कौन सी ऐसी बात घर कर गई थी कि पत्नी से तलाक चाहता था। पत्नी तलाक के लिए राजी नहीं थी। यही वजह रही कि इंजीनियर पति ने अपनी पत्नी का गला काटकर मौत के घाट उतार दिया। दिनदहाड़े हुए इस वारदात से पूरे गांव में जहां सनसनी फैल गई, वहीं हर कोई हतप्रभ रह गया। यही नहीं मौके पर मौजूद मृतका के पिता व भाई को भी यह पता नहीं था कि पति इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे डालेगा। फिलहाल घटना के बाद सास-ससुर दोनों मासूम बच्चों के साथ घर से फरार है। हमलावर पति को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुस्तफाबाद ग्राम पंचायत निवासी बासुकीनाथ सिंह के पुत्र हरिद्वार सिंह की शादी 2009 में रसड़ा कोतवाली थाना अंतर्गत नरनी ग्राम पंचायत निवासी अभय नारायण सिंह की पुत्री सरिता सिंह के साथ हुई थी। इनके दो बच्चे भी हैं। बड़ा लड़का आठ वर्ष का हरिओम सिंह एवं छोटा बच्चा छह वर्ष का श्रीओम सिंह है। हरिद्वार सिंह दिल्ली में किसी कंपनी में इंजीनियर थे। कुछ दिनों तक अमेरिका में रह रहे थे। पत्नी भी साथ दिल्ली में ही थी। लाकडाउन शुरू होते ही वे लोग गांव आ गए थे। पति-पत्नी में विगत कई वर्षों से आपसी मनमुटाव एवं विवाद चल रहा था। कई बार इसे सुलझाने के लिए पंचायत में भी हुई, परंतु कोई समाधान नहीं निकला। हरिद्वार सिंह ने अपने ससुराल फोन करके अपने ससुर अभय नारायण सिंह एवं साले राजेश कुमार सिंह को विवाद के समाधान के निमित्त बुलाया था। दोनों मुस्तफाबाद गांव पहुंचे थे। विवाद के समाधान के लिए वार्ता चल ही रही थी। हरिद्वार सिंह अपनी पत्नी से विवाह विच्छेद करने हेतु उसे तलाक देने के लिए बार-बार दबाव बना रहे थे, परंतु उसकी पत्नी इसके लिए सहमत नहीं थी। इसी को लेकर के विवाद बढ़ गया और गुस्साए हरिद्वार सिंह घर के अंदर गए। गड़ासे से तीन बार अपनी पत्नी सरिता सिंह के गले पर प्रहार कर दिया। इस प्रहार से सरिता सिंह गिरकर तड़पने लगी और उन्होंने दम तोड़ दिया। उस समय उसके भाई राजेश सिंह घर के बाहर मौजूद थे और बहन के चिल्लाने की आवाज सुनकर भीतर गए। तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी शिव मूर्ति तिवारी ने हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया और गंडासे भी बरामद कर लिया। मृतका सरिता सिंह के भाई राजेश कुमार सिंह की तहरीर पर हलधरपुर थाने में आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्यारोपी के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। हादसे से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

chat bot
आपका साथी