चुनावी रंजिश में हुई फायरिग में घायल युवक की मौत

आरोपित पूर्व प्रधान की गिरफ्तारी पर भड़की भीड़ पर पुलिस ने बरसाई लाठियां

By JagranEdited By: Publish:Mon, 07 Jun 2021 05:09 AM (IST) Updated:Mon, 07 Jun 2021 05:09 AM (IST)
चुनावी रंजिश में हुई फायरिग में घायल युवक की मौत
चुनावी रंजिश में हुई फायरिग में घायल युवक की मौत

संवाद सूत्र, बलदेव: चुनावी रंजिश में दो दिन पहले थाना बलदेव क्षेत्र के नगला डियोडिया में हुई फायरिग में घायल युवक की शनिवार रात जयपुर के एक अस्पताल में मौत हो गई। रविवार सुबह पुलिस ने आरोपित पूर्व प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने ले जा रही पुलिस की गाड़ी को भीड़ ने थाना परिसर से निकलते ही गेट पर रोक लिया और हंगामा करने लगी। पुलिस ने लाठियां बरसा कर भीड़ को खदेड़ दिया। इसके बाद ही आरोपित को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

थाना बलदेव क्षेत्र की ग्राम पंचायत अकोस में प्रधानी के चुनाव में पूर्व प्रधान जयपाल सिंह की पत्नी सविता चुनाव हार गई। ग्राम पंचायत के मजरा नगला डियोडिया निवासी श्यामवीर सिंह, प्रहलाद ने अनीता का समर्थन किया था। इससे बौखलाकर जयपाल ने अपने समर्थक राजकुमार, करनपाल, अनिल, जीतू उर्फ जितेंद्र और गोपीचंद के साथ नगला डियोडिया में चार मई को फायरिग कर दी। गोली लगने से प्रहलाद और देवकी घायल हो गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर प्रहलाद को आगरा रेफर कर दिया, लेकिन स्वजन उपचार के लिए उसे जयपुर ले गए। श्यामवीर ने पूर्व प्रधान जयपाल, राजकुमार, करनपाल, अनिल, जीतू और गोपीचंद के खिलाफ थाना बलदेव में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार रात प्रहलाद की मौत हो गई। पुलिस ने सुबह दबिश देकर जयपाल को गिरफ्तार कर लिया। जयपाल की गिरफ्तारी होने की जानकारी पर आरोपित के समर्थक थाने पर एकत्र होने लगे। दोपहर को पुलिस आरोपित जयपाल को अदालत में पेश करने को लेकर जा रही थी। ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी को रोक लिया। इंस्पेक्टर थाना बलदेव नरेंद्र यादव ने भीड़ को समझाने के प्रयास किए, लेकिन वह जयपाल को निर्दोष बताकर छोड़ने की मांग कर हंगामा करने लगे। सूचना पर एसपी देहात श्रीश्चंद्र भी पहुंच गए। पुलिस के समझाने पर भीड़ ने जब रास्ता खाली नहीं किया तो पुलिस को लाठी उठानी पड़ी। पुलिस ने लाठियां बरसा कर भीड़ को खदेड़ दिया। इसके बाद आरोपित को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। एसपी देहात ने बताया, हंगामा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हंगामा करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी