चांद का दीदार कर खोला व्रत, पति की लंबी आयु के लिए की कामना

संवाद सहयोगी मथुरा हाथों में पूजा की थाली व मिट्टी के करवे में जल भरकर रविवार शाम हर

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 06:01 AM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 06:01 AM (IST)
चांद का दीदार कर खोला व्रत, पति की लंबी आयु के लिए की कामना
चांद का दीदार कर खोला व्रत, पति की लंबी आयु के लिए की कामना

संवाद सहयोगी, मथुरा: हाथों में पूजा की थाली व मिट्टी के करवे में जल भरकर रविवार शाम हर सुहागिन को इंतजार था तो चांद निकलने का। सुबह से महिलाओं ने पति के लिए निर्जला व्रत रखा था। दिन भर पति की दीर्घायु की कामना की गई। जैसे ही रात में आसमां में चांद का दीदार हुआ तो नवविवाहिताओं व सुहागिनों ने अ‌र्घ्य देकर अपने पति का दीदार किया और व्रत खोला।

करवा चौथ के व्रत को लेकर घर-घर में सुबह से ही उत्साह देखा गया। पूजन के लिए तरह-तरह के पकवान तैयार किए गए थे। सुबह जल्दी ही गृह कार्य निपटाने के बाद महिलाएं सजने-संवरने में जुट गईं। पति के प्रेम के आगे न उन्हें भूख लगी और न प्यास। शाम होते ही महिलाओं ने 16 श्रृंगार कर व नए परिधान पहनकर सामूहिक रूप से मंदिरों में पूजा-अर्चना की। घरों में भी महिलाओं ने विधि-विधान पूर्वक कथा सुन पूजन-अर्चन किया। करवों की अदला-बदली की गई। चांद निकलने से करीब एक घंटे पहले का समय महिलाओं से बमुश्किल ही कटा। बार-बार महिलाएं छत पर जाकर चांद निकलने का इंतजार करती देखी गईं। जैसे ही चांद का दीदार हुआ तो हर घर की छतों पर महिलाएं पूजन को पहुंच गई थीं। सर्वप्रथम छलनी से चांद को देखने के बाद महिलाओं ने पति को निहारा। पतियों ने जल पिलाकर उनका निर्जला व्रत खुलवाया। इसके बाद सभी ने सामूहिक भोजन किया। पतियों ने पत्नियों को उपहार भी भेंट किए।

- बाजारों में भी रही रौनक--

रविवार को भी बाजारों में रौनक दिखाई दी। महिलाओं ने दिनभर खरीदारी की। ब्यूटी पार्लर-मेंहदी आर्टिस्टों के यहां सुबह से ही भारी भीड़ देखी गई। शाम होते ही बाजारों से ग्राहकों का लौटना प्रारंभ हो गया था।

- डायविल नगर में हुआ सामूहिक पूजन :

शहर के नवनीत कुंज और कृष्णा नगर के डायविल नगर में महिलाओं ने सामूहिक पूजन किया। डायविल नगर में सुनीता शर्मा अरुणा साहनी, कृष्णा कामरा, मंजू अरोरा, शिवाजी अरोड़ा, भावना, निशा, वंदना, दर्शना, ललिता खुराना, विनिता आदि शामिल रही।

-------------------

सुहाग के पर्व पर अखंड सौभाग्य की कामना

सुरीर: कस्बा में अंजली के पति सेना में नौकरी करते हैं। पति की लंबी आयु के लिए निर्जल व्रत तो रख लिया, अब अपने चांद के दर्शन कैसे हों। देर शाम जब सभी सुहागिन चांद का दर्शन कर अपने पति का दीदार कर जल पी रही थीं, तो अंजली ने अपने पति का चेहरा मोबाइल पर वीडियो काल के जरिए निहारने के बाद व्रत का परायण किया। अंजली की तरह दूसरी तमाम सुहागिन महिलाएं जिनके पति बाहर नौकरी कर रहे है, उन्होंने मोबाइल पर वीडियो काल के जरिए पति का दीदार कर सुहाग सलामती की कामना के व्रत का परायण किया ।

chat bot
आपका साथी