पारिवारिक विवाद में विधायक की भतीजी ने की खुदकुशी

ससुराल में विवाद के कारण हो गई थीं अवसाद की शिकार

By JagranEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 06:20 AM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 06:20 AM (IST)
पारिवारिक विवाद में विधायक की भतीजी ने की खुदकुशी
पारिवारिक विवाद में विधायक की भतीजी ने की खुदकुशी

जागरण संवाददाता, मथुरा: मांट के बसपा विधायक श्याम सुंदर शर्मा की भतीजी ने रविवार रात फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के पीछे ससुरालीजनों से चल रहा विवाद बताया जा रहा है। वह दो साल से बेटी के साथ मायके में रह रही थीं। बेटा पिता के साथ अलीगढ़ में रह रहा है। देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।

विधायक के छोटे भाई कृष्ण कुमार मुन्ना भैया की पुत्री डा. नीता शर्मा (38) का विवाह करीब 18 साल पहले अलीगढ़ के इगलास निवासी गौरव शर्मा से हुआ था। इगलास स्थित राधा इंटरनेशनल अकादमी की प्रबंधक डा. नीता शर्मा का पति से विवाद चल रहा था। वह मयूर विहार में अपने पिता के साथ रहने लगीं। इस बीच दोनों के बीच समझौता के प्रयास हुए, लेकिन बात नहीं बनी। इसी के चलते वह अवसाद की शिकार हो गई। रविवार रात वह अपने कमरे में गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर नहीं आईं, तो स्वजन ने आवाज दी। कोई जवाब नहीं मिलने पर स्वजन ने दरवाजा तोड़ दिया। नीता पंखे के हुक पर बने फंदे पर लटकी हुई थीं। स्वजन उतारकर नर्सिंग होम ले गए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस अधिकारी और राजनीतिज्ञ उनके घर पहुंच गए। सीओ सिटी वरुण कुमार सिंह ने बताया, डा. नीता शर्मा का ससुरालियों से विवाद चल रहा था। उन्होंने अवसाद में आकर खुदकुशी कर ली। कोतवाल प्रभारी निरीक्षक सूरज प्रकाश शर्मा ने बताया, स्वजन ने घटना की सूचना दी थी, लेकिन अभी तक कोई भी मुकदमा दर्ज नहीं कराया है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी