वृंदावन के गांव में दूधिया की हादसे में मौत पर बवाल

ग्रामीणों ने टक्कर मारने वाली स्कार्पियो के चालक को बंधक बनाकर पीटा बचाने गई पुलिस टीम पर भी पथराव जाम चार पुलिसकर्मी घायल

By JagranEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 05:18 AM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 05:18 AM (IST)
वृंदावन के गांव में दूधिया की हादसे में मौत पर बवाल
वृंदावन के गांव में दूधिया की हादसे में मौत पर बवाल

संवाद सहयोगी,वृंदावन: कोतवाली क्षेत्र के गांव छरौरा में गुरुवार सुबह हादसे में स्कार्पियो की टक्कर से दूधिया की मृत्यु पर बवाल हो गया। ग्रामीणों ने स्कार्पियो चालक को बंधक बनाकर पीट दिया। बचाने गई पुलिस टीम पर भी पथराव कर जाम लगा दिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठी फटकारनी पड़ी। पथराव से दो दारोगा समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।

गांव छरौरा निवासी गौरव सिंह (21) दूध लेकर बाइक से वृंदावन देने जा रहे थे। गांव से निकलते ही स्कार्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। गौरव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने स्कार्पियो चालक मोहित निवासी धारूहेड़ा, रेवाड़ी (हरियाणा) को बंधक बना मारपीट की। इंस्पेक्टर कोतवाली शशि प्रकाश शर्मा और जैंत पुलिस चौकी प्रभारी अरविद सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच गए। कुछ देर बाद अतिरिक्त पुलिस बल के साथ एसपी सिटी एमपी सिंह भी पहुंचे। पुलिस ने बंधक बनाए चालक को मुक्त कराने की कोशिश की, तो ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया। करीब दो घंटे तक हाईवे पर हंगामा होता रहा। पथराव की चपेट में आकर जैंत पुलिस चौकी प्रभारी अरविद कुमार, एसआइ जसवंत सिह, कांस्टेबल शमीम अहमद और जिनेंद्र सिंह घायल हो गए। एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया, पुलिसकर्मियों पर पथराव करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। उनके खिलाफ पथराव और चालक को बंधक बनाए जाने के मामले में कार्रवाई की जा रही है। इंस्पेक्टर वृंदावन शशि प्रकाश शर्मा ने बताया, मृतक के स्वजन की तहरीर पर स्कार्पियो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

chat bot
आपका साथी