तकनीक के सहारे देश में बजाया गांव का डंका

अमानुल्लापुर ग्राम पंचायत को दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार कार्य योजना से लेकर भुगतान तक सब कार्य किए आनलाइन

By JagranEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 06:00 AM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 06:00 AM (IST)
तकनीक के सहारे देश में बजाया गांव का डंका
तकनीक के सहारे देश में बजाया गांव का डंका

चंद्रशेखर दीक्षित, मथुरा: मंशा काबिल हो तो काम भी काबिले तारीफ ही होता है। नौहझील ब्लाक की ग्राम पंचायत अमानुल्लापुर ने यह सच कर दिखाया। गांव में हर काम आनलाइन कर तत्कालीन ग्राम प्रधान ने अपनी पंचायत को देश की बेहतरीन काम करने वाली पंचायत की सूची में शामिल करा दिया। दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार के तहत उन्हें केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने आठ लाख रुपये इनाम की राशि मुहैया कराई है।

यह उपलब्धि देश की 313 में जिले के ग्राम पंचायत को मिली है। पूर्व ग्राम प्रधान राजकुमार ने बताया कि उन्होंने पांच वर्ष के कार्यकाल में पंचायत में मात्र 65 लाख रुपये खर्च किए हैं। जिससे उन्होंने पंचायत में सामुदायिक शौचालय, प्राथमिक विद्यालय में टाइल्स, बाउंड्रीवाल, गलियों में इंटरलाकिग का कार्य कराया है। गांव में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया। सभी कार्य योजना का आनलाइन आवेदन किया। साथ ही सभी को आनलाइन ही भुगतान किया है। पूर्व प्रधान का कहना है कि जब कार्य करने की इच्छाशक्ति मजबूत होती है तो कोई भी सफलता हासिल की जा सकती है। इस तरह मिला पुरस्कार :

पूर्व प्रधान राजकुमार ने बताया कि नवंबर 2020 में दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार के लिए आवेदन किया था। उनके साथ आवेदन करने वाली पंचायतों की संख्या करीब 350 थी। जनवरी 2021 में आगरा और अलीगढ़ मंडल से अधिकारियों की एक टीम गांव पहुंची। जिसने गांव में सर्वे किया। सर्वे कर रही टीम के पास हमने अभी तक कराए गए सभी कार्यों का ब्योरा था। उसने हमने सभी कार्यों के बारे में जानकारी की। इसके बाद भौतिक सत्यापन किया। बिना कुछ जानकारी दिए टीम सर्वे कर चली गई। मुझे पुरस्कार जीतने का पूरा भरोसा था। ओपन जिम और लाइब्रेरी का कराया जाएगा निर्माण:डीपीआरओ प्रीतम सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत अमानुल्लापुर उर्फ महमूदगढ़ी को दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार योजना के तहत आठ लाख रुपये का पुरस्कार प्राप्त हुआ है। धनराशि पंचायत के खाते में पहुंच गई है। इसलिए वर्ष 2021-22 की कार्य योजना में पुरस्कार की धनराशि से लाइब्रेरी और ओपन जिम बनाने का काम किया जाएगा। डीपीआरओ ने बताया कि पंचायत में सभी कार्य योजना आनलाइन सबमिट करने और सभी भुगतान आनलाइन किए जाने के साथ गांव में साफ-सफाई को लेकर पुरस्कार मिला है।

chat bot
आपका साथी