भाजपा के पैंतरे पर टिकी रालोद और बसपा की निगाहें

जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर काबिज होने को चाहिए 17 मततीनों दलों में राजनीतिक घमासान हुआ तेज

By JagranEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 06:46 AM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 06:46 AM (IST)
भाजपा के पैंतरे पर टिकी रालोद और बसपा की निगाहें
भाजपा के पैंतरे पर टिकी रालोद और बसपा की निगाहें

जागरण संवाददाता, मथुरा: जिला पंचायत के 33 सदस्य निर्वाचित हुए हैं। भाजपा और रालोद ने अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए, लेकिन अभी तक बसपा ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। भाजपा का स्कोर बोर्ड 13 अंक तक पहुंच गया है। चार अंक की उसे अभी और आवश्यकता है। भाजपा के संख्या बल को यही पर रोकने और अपने-अपने स्कोर बोर्ड पर जीत का आंकड़ा 17 का हासिल करने को रालोद और बसपा ने अपनी-अपनी कमर कस ली है। पेच इस कदर फंस गया है कि अब दूसरे दल के समर्थित सदस्य पर भी कोई भी राजनीतिक दल दांव लगा सकता है।

जिला पंचायत सदस्य के चुनाव परिणाम आने के बाद के स्पष्ट हो गया था, जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए त्रिकोणीय संघर्ष होगा। भाजपा को अपनी साख बचानी है। रालोद को अपनी खोई ताकत को साबित करना है, जबकि बसपा भी जिला पंचायत की राजनीति में वापसी के अवसर की तलाश में हैं। कोरोना काल के कारण जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव टाल दिए जाने के कारण तीनों दलों को अपनी-अपनी जीत के सदस्यों से संपर्क करने का पूरा अवसर मिल गया था। कुछ सदस्यों ने अपने दल के नेता के ऊपर छोड़ दिया तो कुछ मौके की नजाकत का फायदा उठाने के लिए अपनी रजामंदी दे चुके हैं। इसी रजामंदी के आधार पर भाजपा अपने स्कोर बोर्ड पर आठ से बढ़कर तेरह अंक दर्ज करने का दावा कर रही है, लेकिन रालोद और बसपा भी पीछे नहीं हैं। दोनों दल भी अपने सदस्यों के साथ होने का दावा कर रहे हैं। चार सदस्य अपने बलबूते जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीते थे। चारों सदस्यों को तीनों दल अपना-अपना बता रहे हैं। इधर, चुनाव की घोषणा होने के साथ ही जिला पंचायत सदस्यों के घर रात में ही नेताओं की गाड़ियां पहुंच गई। जो मिला, उसको पार्टी नेताओं ने अपने पास बुला लिया। जो सदस्य रात को नहीं मिल पाए, उनकी तलाश मंगलवार दोपहर तक होती रही। ऐसे सदस्यों की संख्या पांच हैं। इनके बाद नेताओं की चिता बढ़ गई। उनकी जानकारी लेने के लिए तीनों दलों ने अपने-अपने कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश कर दौड़ा दिया गया है। बसपा जिलाध्यक्ष हेमेंद्र सिंह ने बताया, पार्टी अध्यक्ष ही जिला पंचायत अध्यक्ष के नाम की घोषणा करेंगी, जो अभी तक नहीं हुई है। भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा ने बताया, जिला पंचायत किशन सिंह चौधरी और एक महिला प्रत्याशी के नाम पर मंथन चल रहा है।

chat bot
आपका साथी