प्रेम से दुनिया की हर समस्या का समाधान संभव: कुंवर चरतप्रताप

जयंती पर राजा महेंद्र प्रताप की समाधि पर दी श्रद्धांजलि समाधि के सुंदरीकरण की उठाई मांग

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 06:27 AM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 06:27 AM (IST)
प्रेम से दुनिया की हर समस्या का 
समाधान संभव: कुंवर चरतप्रताप
प्रेम से दुनिया की हर समस्या का समाधान संभव: कुंवर चरतप्रताप

संस, वृंदावन: प्रेम में दुनिया की हर समस्या का समाधान संभव है। राजा साहब ने प्रेम धर्म की स्थापना करने के साथ शिक्षा को नए आयाम दिए। उन्होंने शिक्षा जगत के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया, लेकिन राजा साहब की समाधि आज भी बदहाली के आंसू बहा रही है। हमारा इसके सुंदरीकरण का सपना जल्द ही पूरा होगा।

केशीघाट स्थित राजा महेंद्र प्रताप की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके प्रपौत्र कुंवर चरत प्रताप सिंह ने कहा, राजा साहब ने प्रेम धर्म को सबसे महान बताया, जिसका अनुसरण कर मानवता को न सिर्फ खुशहाल बनाया जा सकता है, बल्कि दुनिया से आपसी वैमनस्य और कट्टरता को समाप्त किया जा सकता है। इस मौके पर समाधि को फूलों से सजाया गया। कुंवर चरत प्रताप ने समाधि की दुर्दशा पर दुख जताते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा पुण्यात्मा राजा साहब की समाधि को भी कोर्ट केस में उलझा दिया गया है। उन्होंने ऐसे लोगों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना ईश्वर से की। जिससे भव्य समाधि के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सके। समाजसेवी यमुना चौधरी ने कहा, जिस प्रकार केंद्र सरकार द्वारा तकनीकी विश्वविद्यालय बनाकर राजा साहब के योगदान को पहचान दी गई है। उसी प्रकार वृंदावन में स्थित उनके प्रेम केंद्र को भी संवारने की पहल भी देश और प्रदेश सरकार की ओर से होनी चाहिए। इसके बाद राजा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया गया। समारोह में मौजूद स्कूली बच्चों ने राजा साहब अमर रहें, भारत माता की जय के नारे लगाए गए। मनीष सिंह, प्रधानाचार्य देवप्रकाश शर्मा, अजीत चौधरी, डा. जय कुमार, सोनू पंडित, बबिता उपाध्याय मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी