बिना लाइसेंस चल रही डेयरी कराई बंद

शहर व बाजना में चलाया गया छापामारी अभियान देसी घी के नमूने लेकर सौ किग्रा घी को कराया सील

By JagranEdited By: Publish:Thu, 04 Mar 2021 06:22 AM (IST) Updated:Thu, 04 Mar 2021 06:22 AM (IST)
बिना लाइसेंस चल रही डेयरी कराई बंद
बिना लाइसेंस चल रही डेयरी कराई बंद

जासं, मथुरा: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बाजना में बिना लाइसेंस के संचालित डेयरी प्लांट पर छापामार कार्रवाई की। यहां काफी मात्रा में पनीर बन रहा था। टीम को देख प्लांट संचालक मौके से गायब हो गया। हालांकि टीम ने मौके से पनीर, क्रीम और सफेद घोल का एक-एक नमूना लिया है। डेयरी बंद करा दी है। उधर, शहर में एक दुकान व गोदाम पर देसी घी का नमूना लेकर सौ किग्रा घी सील करा दिया।

बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी डा. गौरीशंकर ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि बाजना में अवैध रूप से डेयरी का संचालन किया जा रहा है। निरीक्षण में टीम ने पाया कि मानकों को नजरअंदाज कर पनीर बनाया जा रहा है। निर्देश दिए गए कि जब तक लाइसेंस नहीं बनेगा, तब तक पनीर न बनाया जाए। डेयरी को बंद करा दिया गया। इसके बाद टीम गांधी नगर बाजना में देव ट्रेडर्स पर पहुंची। यहां से सोयाबीन रिफाइंड, पुखराज एडिबल आयल का एक-एक नमूना लिया। साफ-सफाई न मिलने पर देव ट्रेडर्स को सुधार के लिए नोटिस दिया। टीम ने बाजना के पत्थर मंडी स्थित कैंटीन से एक नमूना अरहर की दाल का लिया। मैनेजर को गंदगी मिलने पर नोटिस दिया। अभिहित अधिकारी ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली कि सेठवाड़ा में विनोद घी वालों के यहां नकली घी बनाया जा रहा है। टीम दुकान और गोदाम पर पहुंची। यहां बिना बिल के पारस ब्रांड और माधव ब्रांड का घी मिला। सुमन ब्रांड का सोयाबीन रिफाइंड पाया गया। टीम ने मौके से घी के दो नमूने लिए हैं। करीब सौ किग्रा घी को सील कर अभिरक्षा में छोड़ा गया है।

chat bot
आपका साथी