यमुना एक्सप्रेसवे पर किसानों का जाम, एक दल गया दिल्ली

भाकियू के नेता और दो दर्जन से अधिक किसान लिए हिरासत में कुछ देर बाद निजी मुचलके पर सबको छोड़ा

By JagranEdited By: Publish:Sat, 28 Nov 2020 06:55 AM (IST) Updated:Sat, 28 Nov 2020 06:55 AM (IST)
यमुना एक्सप्रेसवे पर किसानों का जाम, एक दल गया दिल्ली
यमुना एक्सप्रेसवे पर किसानों का जाम, एक दल गया दिल्ली

जेएनएन, मथुरा: नए कृषि सुधार कानून के विरोध में किसानों ने शुक्रवार को हुंकार भरी। भाकियू के नेतृत्व में यमुना एक्सप्रेसवे पर धरना देकर जाम लगा दिया। पुलिस ने दो दर्जन से अधिक किसानों को हिरासत में लिया। कुछ देर बाद उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। ढिलाई पाकर किसानों का एक जत्था दिल्ली के लिए रवाना हो गया।

पंजाब और हरियाणा के किसानों पर पुलिस ज्यादती के खिलाफ आज जिले के किसान उठ खड़े हुए। सुबह से ही जत्थे में किसान यमुना एक्सप्रेसवे की ओर बढ़ चले। सबसे पहले सुबह करीब 11 बजे गढ़सौली के पास भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का एक दल एक्सप्रेसवे पर चढ़ आया और धरने पर बैठ गया। यूनियन के नेताओं का दूसरा दल मांट टोल प्लाजा पर पहुंचा। यहां किसानों ने पहले दो बूथों के सामने धरना दिया। किसानों की संख्या बढ़ते ही दो अन्य बूथों से भी आवाजाही को रोक दिया। इससे वाहनों की लंबी लाइन लग गई। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आंदोलनकारी किसानों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने गढ़सौली के पास किसानों को हटाने की कोशिश की, तो वे सड़क पर ही लेट गए। पुलिस ने भाकियू जिलाध्यक्ष समेत आधा दर्जन किसानों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद किसान एक्सप्रेस वे हटकर सर्विस रोड पर धरने पर बैठ गए। इधर, मांट टोल प्लाजा पर पुलिस ने दो दर्जन से अधिक किसानों को हिरासत में लेकर बूथों से हटाया।

गढ़सौली में सर्विस रोड पर धरने पर बैठे किसान हिरासत में लिए गए जिलाध्यक्ष राजकुमार तोमर और कार्यकर्ताओं को बिना शर्त रिहा करने की मांग करने लगे। करीब दो घंटे किसान सर्विस रोड पर डटे रहे। बाद में पुलिस ने जिलाध्यक्ष समेत कार्यकर्ताओं को पुलिस ने निजी मुचलके भरवाकर रिहा कर दिया। जिलाध्यक्ष राजकुमार तोमर कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली में होने जा रहे आंदोलन में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।

मांट टोल पर भाकियू के मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह गावर और तहसील अध्यक्ष रोहताश चौधरी, अशोक चौधरी, नरेंद्र सिंह, मुनमुन चौधरी, ओमप्रकाश, सोनू गावर, रिजवान कुरैशी, शिवा चौधरी, इंद्रजीत, राजपाल सिंह समेत दो दर्जन से अधिक किसानों को हिरासत में लेकर निजी मुचलके पर छोड़ा गया। भाकियू के मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह गावर ने कहा, शनिवार को यूनियन का एक जत्था दिल्ली आंदोलन में शरीक होने के लिए जाएगा। एसपी देहात श्रीशचंद्र ने बताया, दोनों स्थानों पर एक दर्जन किसानों को थोड़ी देर के लिए हिरासत में लिया गया था।

श्रद्धांजलि दी: हरियाणा के भिवानी में प्रदर्शन को जा रहे किसान की मौत पर शुक्रवार को अखिल भारतीय समता फाउंडेशन ने श्रद्धांजलि दी। समता फाउंडेशन भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ धरना दे रहा है। 25वें दिन धरना पर जितेंद्र सिंह, लुकेश कुमार राही, विवेक कुमार, नरेंद्र, कुंवरपाल, चित्रसेन मौर्य, विक्रांत सिंह बैठे।

chat bot
आपका साथी