नौगांव में शरारती तत्वों ने तोड़ीं मस्जिद की दो मीनार

पुलिस प्रशासन ने बनवाईं दोनों मीनार अज्ञात में मामला दर्ज सुबह घटना की हुई जानकारी पुलिस-पीएसी तैनात

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 05:16 AM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 05:16 AM (IST)
नौगांव में शरारती तत्वों ने तोड़ीं मस्जिद की दो मीनार
नौगांव में शरारती तत्वों ने तोड़ीं मस्जिद की दो मीनार

जागरण संवाददाता,मथुरा: थाना छाता क्षेत्र के नौगांव में मंगलवार रात शरारती तत्वों ने मस्जिद की दो मीनार तोड़ दीं। बुधवार भोर नमाज पढ़ने गए लोगों को घटना की जानकारी हुई तो गांव में आक्रोश फैल गया। कई थानों की पुलिस और पीएसी गांव में तैनात कर दी गई। पुलिस ने आनन-फानन में दोनों मीनारों का निर्माण शुरू करा दिया है। मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। फिलहाल गांव में शांति है।

अकबरपुर-शेरगढ़ मार्ग स्थित नौगांव में खेतों के किनारे मस्जिद है। मस्जिद के इमाम गांव अगरयाला निवासी सद्दाम अपने पिता की तबीयत खराब होने के कारण तीन दिन से मस्जिद नहीं आ रहे थे। मंगलवार शाम लोग नमाज पढ़ने के बाद मस्जिद बंदकर चले गए। सुबह पांच बजे गांव नौगांव निवासी श्यामू और शब्बीर नमाज पढ़ने के लिए पहुंचे। श्यामू ने बताया, मस्जिद की चार में से अगले हिस्से की दोनों मीनार टूटी पड़ी थीं। मस्जिद की छत पर चढ़ने के लिए सीढि़यां नहीं हैं। बराबर में ही एक नीम का पेड़ है। संभवत: शरारती तत्व उसी पेड़ से छत तक पहुंचे। श्यामू ने बताया, एक पालीथिन में बंद गंदगी भी मस्जिद के अंदर पड़ी थी। श्यामू ने घटना की जानकारी मौलवी सद्दाम और गांव के लोगों को दी। इसके बाद मुस्लिम समाज के लोग जुटना शुरू हो गए। जमीयत उलमा हिद के अध्यक्ष जमालुद्दीन समेत शेरगढ़, विशंभरा और जंघावली से लोग पहुंच गए। एसपी ग्रामीण श्रीश्चंद्र, सीओ छाता जितेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर थाना कोसीकलां प्रमोद पंवार, इंस्पेक्टर छाता रवि त्यागी और थानाध्यक्ष शेरगढ़ प्रशांत त्यागी भी फोर्स के साथ पहुंचे। दो ट्रक पीएसी भी बुला ली गई। एसपी ग्रामीण ने बताया, कि श्यामू ने मस्जिद की दो मीनार तोड़ने की अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की मौजूदगी में मस्जिद की दोनों मीनार दोबारा बनवाई जा रही हैं। जमीयत उलमा हिद के अध्यक्ष जमालुद्दीन और इमाम ने घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए मस्जिद की सुरक्षा की मांग की है।

chat bot
आपका साथी