शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म
शादी का झांसा देकर युवक एक महिला से दुष्कर्म करता रहा। महिला ने जब शादी का दबाव बनाया युवक और उसके स्वजन दहेज मांगने लगे।
संवाद सूत्र, सुरीर : शादी का झांसा देकर युवक एक महिला से दुष्कर्म करता रहा। महिला ने जब शादी का दबाव बनाया युवक और उसके स्वजन दहेज मांगने लगे। महिला ने युवक और उसके स्वजन के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र की एक महिला अपने मायके में रह रही थी। महिला पर दो बच्चे हैं। पति शराब पीकर मारपीट करता था। विरोध करने पर पति ने करीब एक वर्ष पहले मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। तभी से वह मायके में रह रही थी। इस बीच महिला के संबंध आगरा के थाना डौकी क्षेत्र के गांव मदरा निवासी सतीश से हो गए। सतीश ने महिला के साथ शादी करने को कहा। एक साल तक दोनों के बीच प्रेम संबंध बने रहे। महिला का आरोप है, शादी की बात करने को वह अपनी मां और ताऊ को लेकर सतीश के घर गई तो सतीश, उसकी मां मीरा, पिता लेखराज व भाई अखिलेश और संजय ने शादी करने के लिए उसके सामने कई शर्त रख दी। सतीश के नाम दो बीघा खेत, अपाचे बाइक और दो लाख नकद देने की मांग की। इन्कार करने पर सतीश के स्वजन ने महिला के स्वजन को अपमानित कर घर से निकाल दिया। इंस्पेक्टर महाराज सिंह भाटी ने बताया, पीड़िता की तहरीर पर दुष्कर्म के आरोप का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
तमंचा दिखकर दुष्कर्म का प्रयास:
सुरीर: कोतवाली क्षेत्र के गांव में एक महिला ने अपने ही पड़ोस के दो युवकों पर घर में घुसकर तमंचा दिखाकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता के स्वजन का आरोप है, 23 सितंबर को वह खेत पर काम करने गया था। उसकी पत्नी घर में अकेली थी। पड़ोसी युवक पवन और धर्मवीर उसके घर में घुस आए और तमंचा का दिखाकर उसकी पत्नी से दुष्कर्म का प्रयास किया। पत्नी की चीख सुनकर देवरानी और उसका भाई आ गए। आरोपित युवक भाग गए। इसके बाद पवन, धर्मवीर, हेमंत और लखमी ने उसके साथ मारपीट की। इंस्पेक्टर महाराज सिंह ने बताया, अदालत के आदेश पर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।