बूंदाबांदी से लुढ़का पारा, गर्मी से मिला छुटकारा

अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा बादल छाए

By JagranEdited By: Publish:Wed, 19 May 2021 06:55 AM (IST) Updated:Wed, 19 May 2021 06:55 AM (IST)
बूंदाबांदी से लुढ़का पारा, गर्मी से मिला छुटकारा
बूंदाबांदी से लुढ़का पारा, गर्मी से मिला छुटकारा

जागरण संवाददाता, मथुरा: मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। मंगलवार सुबह बूंदाबांदी हुई। इसके साथ ही ठंडी हवाएं चलीं। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक रिकार्ड किया गया। पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तापमान में आई कमी से मौसम सुहाना हो गया। बूंदाबांदी से जायद की फसलों को भी लाभ मिला।

आसमान में तड़के ही बादल घिर आए थे और सुबह दस बजे तक बूंदाबांदी होती रही। दिन भर बादल छाए रहे। दोपहर में भी कहीं-कहीं बौछार हुईं। पहले सप्ताह में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था और गर्मी से लोग परेशान हो गए। दोपहर में बदन भी झुलसने लगा, लेकिन मंगलवार को मौसम में बदलाव हो गया। बूंदाबांदी होने से तापमान में कमी आ गई और अधिकतम तापमान भी 31 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम सुहाना होने से लोगों को गर्मी से राहत मिल गई। कोरोना क‌र्फ्यू होने के कारण लोग शाम को घरों से बाहर नहीं निकल पाए, लेकिन गांवों में लोग मौसम का आनंद लेने के लिए घरों से बाहर निकले। बूंदाबांदी होने से जायद की फसलों को लाभ मिला है। इन दिनों मूंग, चारे की ज्वार, बाजार, कपास, बैंगन, टमाटर, खीरा, लौकी, तोरई, कद्दू, मिर्च और भिडी की फसलें खड़ी हैं। किसान टमाटर की पौध लगाने की तैयारी कर रहे हैं। बूंदाबांदी होने से वायुमंडल में घुलित नाइट्रोजन पौधों को मिल गई। पत्तियों पर जमा धूल भी साफ हो गई। इससे प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया में तेजी आएगी। पौधों की बढ़वार भी होगी। नमी होने से किसान खेतों की जोताई कर सकते हैं।

chat bot
आपका साथी