विश्व पटल पर ब्रज की छवि निखारने को हो रहा काम:श्रीकांत

ऊर्जा मंत्री ने गिनाए साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में किए गए कार्य

By JagranEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 06:43 AM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 06:43 AM (IST)
विश्व पटल पर ब्रज की छवि निखारने 
को हो रहा काम:श्रीकांत
विश्व पटल पर ब्रज की छवि निखारने को हो रहा काम:श्रीकांत

संवाद सहयोगी, मथुरा : ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में मथुरा-वृंदावन का चहुंमुखी विकास हो रहा है। भाजपा सरकार ने मथुरा-वृंदावन के पुराने गौरव को लौटाने के लिए सभी प्रमुख योजनाओं में इस क्षेत्र को शामिल किया है। जन्मभूमि क्षेत्र के 10 किमी की परिधि के दायरे को तीर्थस्थल घोषित कर हमने अपने संकल्प को चरितार्थ किया है। अयोध्या की तर्ज पर आज कान्हा की नगरी भी सज और संवर रही है। विश्व पटल पर ब्रज की छवि निखारने को काम हो रहे हैं।

वह सोमवार को स्थानीय होटल में अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल में विकास को लेकर मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि शहर हमारा, ब्रज हमारा की तर्ज पर हरित ब्रज के लिए 31 लाख पौधे यमुना के किनारे, प्रमुख मार्गों के किनारे व ग्राम पंचायतों में लगाए जा रहे हैं। वृंदावन के कुंभ क्षेत्र के 190 एकड़ स्थान को अतिक्रमण मुक्त कर भविष्य के लिए संरक्षित किया जा रहा है। ब्रज तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद का गठन कर सरकार ने मथुरा-वृंदावन ही नहीं पूरे 84 कोस परिक्रमा मार्ग का सुंदरीकरण किया है। 38 करोड़ रुपये की लागत से श्री बांकेबिहारी मंदिर की 22 कुंज गलियों व श्री कृष्ण जन्मस्थान के मार्गों का विकास हुआ है। बताया कि खारे पानी की समस्या से निजात दिलाने के लिए पहली बार शहरवासियों को गंगाजल उपलब्ध कराया गया है। यमुना में गिर रहे 35 नालों की टेपिग की जा रही है। बिजली की आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए 1165 करोड़ रुपये के बिजली के काम जिले में किए गए हैं। अवैध कब्जे के शिकार रहे जवाहर बाग का 16 करोड़ की लागत से सुंदरीकरण कराया गया। 1 से 10 लाख आबादी वाले शहरों में मथुरा-वृंदावन निगम क्षेत्र की रैंकिग 2018 में 428 से बढ़कर 2020 में 39वीं हो गई है। बताया कि शहर के प्रमुख बाजारों को जाम से निजात दिलाने के लिए 20 करोड़ रुपये की लागत से जुबली पार्क एरिया में मल्टी लेवल पार्किंग, ओपन थिएटर का निर्माण हुआ है। स्व. मोहन पहलवान स्पो‌र्ट्स स्टेडियम, गणेशरा में 89.54 लाख रुपये की विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं पर काम चल रहा है। इस दौरान मेयर मुकेश आर्यबंधु, जिला पंचायत अध्यक्ष चौ. किशन सिंह, महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, श्याम चतुर्वेदी, प्रदीप गोस्वामी, पूजा शर्मा आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी