छत से किशोरी को फेंकने का तीसरा आरोपित भी गिरफ्तार

घटना को लेकर कांग्रेस ने साधा प्रदेश सरकार पर निशाना

By JagranEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 05:04 AM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 05:04 AM (IST)
छत से किशोरी को फेंकने का तीसरा आरोपित भी गिरफ्तार
छत से किशोरी को फेंकने का तीसरा आरोपित भी गिरफ्तार

संवाद सूत्र, छाता: छाता कस्बा में एक किशोरी को छत से नीचे फेंक दिए जाने के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपित को भी पुलिस ने हाईवे स्थित आरपीएल होटल के पास गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी की तबीयत में सुधार है। इधर, घटना को लेकर प्रियंका गांधी के ट्वीट किए जाने के बाद गुरुवार को कांग्रेस विधान मंडल दल के पूर्व नेता पीड़ित परिवार मुलाकात करने के लिए छाता पहुंचे और घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

छाता तहसील के पास 21 जून की रात तीन युवकों ने एक किशोरी से छेड़छाड़ कर उसे दो मंजिला मकान से नीचे फेंक दिया था। सीटी स्केन और एमआरआइ कराए जाने को लेकर बुधवार को किशोरी को आगरा रेफर किया गया था। इस मामले में पुलिस ने दिलीप और अवनीश कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कुल्लामल पेट्रोल पंप के पीछे लक्ष्मी कालोनी निवासी कौशल गौतम भाग गया था। गुरुवार शाम को पुलिस ने कौशल को भी हाईवे स्थित आरपीएल होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया। इधर, प्रियंका गांधी के ट्वीट किए जाने के बाद कांग्रेस विधान मंडल दल के पूर्व नेता प्रदीप माथुर ने छाता पहुंच कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उनका कहना था, घटना में छाता पुलिस की लापरवाही सामने आ रही है। उन्होंने कहा, प्रदेश में बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस घटना के कारणों का पता नहीं लगा सकी है। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की और कहा उनकी संपत्ति कुर्क की जाए। वहीं दूसरी तरफ सीओ छाता जितेंद्र सिंह ने बताया, किशोरी के स्वास्थ्य में सुधार है।

chat bot
आपका साथी